
गांधी भवन में जन अधिकार पार्टी की कार्यकर्ता बैठक, पंचायत चुनाव को लेकर बनी रणनीति
लखनऊ: राजधानी स्थित कैसरबाग के गांधी भवन में रविवार को जन अधिकार पार्टी की प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी पंचायत एवं जिला पंचायत चुनावों को लेकर रणनीति पर गंभीर मंथन हुआ। पार्टी के संस्थापक और जौनपुर से सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा सरकारें योजनाबद्ध ढंग से दलितों, पिछड़ों और वंचित तबकों को मुख्यधारा से बाहर करने के लिए निजीकरण को बढ़ावा दे रही हैं, क्योंकि निजी क्षेत्रों में आरक्षण का कोई प्रावधान नहीं है।उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जन अधिकार पार्टी पंचायत चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरेगी और “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी भागीदारी” के सिद्धांत पर सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करेगी। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकन्या कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की सलाह दी और कहा कि जब तक गांव-गांव में संगठन की पैठ नहीं बनेगी, तब तक सत्ता में भागीदारी संभव नहीं है।उन्होंने एससी, एसटी, ओबीसी और दबे-कुचले तबकों से संवाद स्थापित करने का आवाह्न करते हुए कहा कि यही वर्ग जन अधिकार पार्टी की ताकत हैं। बैठक में प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की और पार्टी के दिशा-निर्देशों पर एकजुटता दिखाई।
