
बैंक कर्मी ने एसबीआई बिल्डिंग की छत से लगाई छलांग,हालत गंभीर
कानपुर : गोविंद नगर के चावला मार्केट चौराहे पर सोमवार की सुबह उस समय अफरा तफरी और चीख पुकार मच गई,जब भारतीय स्टेट बैंक की तीन मंजिला बिल्डिंग की छत से बैंक कर्मी ने नीचे छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों भी सड़क पर आ गए और पुलिस को सूचना दी। आनन.फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराकर स्वजन को सूचना दी गई है।
जूही लाल कालोनी निवासी सुमेर सिंह गोविंद नगर की एसबीआई की चावला मार्केट शाखा में चतुर्थ श्रेणी कर्मी है। प्रतिदिन की तरह सोमवार को वह बैंक में काम करने आए थे। यहां कुछ देर बाद कागज आदि पहुंचाने के बाद भवन की तीसरी मंजिल की छत पर पहुंच गए और कुछ ही देर में छत से अचानक नीचे छलांग लगा दी। छत से नीचे गिरते ही तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार बाहर आ गए और चीख पुकार मच गई। बैंक से बाहर सहकर्मियों ने आनन फानन उसे अस्पताल भिजवाया। इस बीच पुलिस भी सूचना पर आ गई और पड़ताल की।
गोविंद नगर थाना प्रभारी अनुराग मिश्र ने बताया कि सुमेर का बेटा भी शहर में किसी दूसरी बैंक में अधिकारी है और बेटी के पुलिस विभाग में होने की जानकारी हुई है। घटना के पीछे पारिवारिक कलह होने की बात सामने आ रही है। इस बारे में अभी स्वजन से पूछताछ नहीं की जा सकी है। आइसीयू में भर्ती सुमरे की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल में आए परिवार से संपर्क किया लेकिन सभी चुप्पी साधे हैं।
स्थापना दिवस के जरिए चुनाव प्रचार की तैयारी में जुटी भाजपा

कानपुर :पंचायत चुनाव के बीच पड़ रहे स्थापना दिवस के जरिए भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को और सक्रिय करने जा रही है ताकि पंचायत चुनाव में उन्हें घर-घर तक पहुंचाया जा सके। जिन क्षेत्रों में पंचायत चुनाव हो रहे हैं, वहां मंगलवार को स्थापना दिवस के अवसर पर सभी बूथ अध्यक्षों को अपने घर पर झंडा लगाने और उसके बाद पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ पूरे क्षेत्र में घर.घर संपर्क करने के लिए कहा गया है। रविवार को पंचायत चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया खत्म हो गई है और अब छह अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस है।
कानपुर में 32 जिला पंचायत सदस्यों की सीटें हैं। इसमें से 29 सीटें कानपुर ग्रामीण जिला इकाई के अधीन हैं और तीन कानपुर दक्षिण जिला इकाई के। कानपुर ग्रामीण में 1,231 बूथ हैं। वहीं कानपुर दक्षिण में पंचायत चुनाव वाले 104 बूथ हैं। स्थापना दिवस की सुबह इन सभी बूथ अध्यक्षों के घरों पर झंडारोहण किया जाएगा। इस दौरान उस बूथ क्षेत्र में रहने वाले सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। इसके बाद सभी पूरे क्षेत्र में घर-घर जाकर संपर्क करेंगे और प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे। कानपुर ग्रामीण के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी शुक्ला के मुताबिक सभी बूथ अध्यक्षों को इसके लिए कह दिया गया है। झंडारोहण करने के बाद डोर टू डोर जाना है। दक्षिण जिलाध्यक्ष डॉ.बीना आर्या ने कहा कि इन 104 बूथों के अलावा अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
मकान की कच्ची दीवार गिरने से युवती की मौत,चार घायल

कानपुर : नौबस्ता के गोवर्धन पुरवा में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मकान की कच्ची दीवार ढहने से युवती की मौत हो गई,जबकि घर के चार लोग घायल हुए हैं। तेज आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई और बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाकर घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नौबस्ता गल्ला मंडी निवासी रामू की बेटी सोनी होली के त्योहार पर गोवर्धन पुरवा निवासी बुआ राम जानकी के घर आई थी। रविवार देर रात रामजानकी के घर की कच्ची दीवार भरभरा कर ढह गई। रामजानकी,उनकी बेटी उजाला,आरती, बेटा दिलीप उर्फ गोलू और सोनी मलबे में दब गईं। तेज आवाज और शोर सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए और मलबा हटाकर बचाव कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को मलबे से बाहर निकालकर हैलट अस्पताल पहुंचाया गया ।
सोमवार की दोपहर बाद गंभीर रूप से घायल सोनी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन से घटना की जानकारी होने पर नौबस्ता पुलिस घटनास्थल पहुंची और पड़ताल शुरू की है। अस्पताल में घायलों की हालत गंभीर बनी है। नौबस्ता थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया स्वजन अगर कोई तहरीर देते हैं तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना के कहर से बचते हुए देनी होगी परीक्षा

कांनपुर: बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्र.छात्राओं के लिए परीक्षाओं का समय कठिन परिस्थितयों वाला होगा। एक ओर जहां जिले में दिनों दिन संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है,वहीं दूसरी ओर चटक धूप भी और तेज हो रही है। गर्म हवाओं के चलते अप्रैल में ही पारा 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा चुका है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए डीआइओएस व सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर ने परीक्षा केंद्रों में बिजली व पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश सभी केंद्र व्यवस्थापकों को दे दिए हैं।
दरअसल,चार मई से जहां सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होंगीए तो वहीं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं भी मई के पहले हफ्ते में प्रस्तावित हैं। आइसीएसई बोर्ड की परीक्षाएं मई के दूसरे हफ्ते से शुरू होंगी। ऐसे में साफ है कि उन दिनों परीक्षार्थियों को जहां गर्म हवाओं को सहना होगा वहीं कोरोना के कहर से बचते हुए परीक्षा देनी होगी। सिटी कोआर्डिनेटर,सीबीएसई बलविंदर सिंह का कहना है कि, परीक्षार्थियों के लिए मई का समय बेहद चुनौती भरा होगा। पहली बार ऐसा हो रहा है,जब देरी के चलते मई.जून में परीक्षाएं हों। हालांकि परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।