
किसान सम्मान दिवस: चौधरी चरण सिंह जयंती पर 90 प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित
न्यूज़ रिपोर्ट: पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर मंगलवार को जनपद में ‘किसान सम्मान दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कुल 90 प्रगतिशील किसानों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर और मुख्य विकास अधिकारी वन्दिता श्रीवास्तव ने जनपद स्तर के किसानों को सम्मान प्रदान किया। कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, रेशम उत्पादन और गन्ना उत्पादन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले किसानों को मंच से सम्मान मिला।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद में एकीकृत फसल प्रणाली (Integrated Farming System) के तहत खेती, पशुपालन और मत्स्य पालन को जोड़कर एक मॉडल विकसित किया जाएगा, जिससे किसानों को बहुआयामी लाभ मिल सके। उन्होंने किसानों को कृषक उत्पादक संगठन (FPO) बनाने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि छोटे और सीमांत किसान संगठित होकर अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन और उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनपद स्तरीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
