
लखनऊ: सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को बड़ी सफलता, दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद
लखनऊ: सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को बड़ी सफलता, दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद
लखनऊ: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को थाना पुलिस ने दो सक्रिय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों अभियुक्त पेशेवर अपराधी हैं और उन पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में पहला अभिषेक सिंह उर्फ कल्लू है, जिसकी उम्र 23 वर्ष है और वह ग्राम हसनपुर खेवली, थाना सुशांत गोल्फ सिटी का रहने वाला है। दूसरा अभियुक्त प्रदुम पुत्र बृजलाल, उम्र 24 वर्ष, ग्राम अमेठियन का पुरवा, थाना नगराम का निवासी है। शनिवार को ये दोनों युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मलाक अंडरपास की ओर से आ रहे थे। पुलिस टीम द्वारा की जा रही नियमित जांच के दौरान उन्हें रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि जिस मोटरसाइकिल पर वे सवार थे, वह 26 जुलाई को जस्ट मदिरा के सामने से चोरी की गई थी। बाइक के कागज मांगने पर वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद उन्होंने एक और चोरी की बाइक के बारे में खुलासा किया, जिसे उन्होंने राघव भोग मिठाई स्टाल के पीछे से चुराया था। दूसरी बाइक को उन्होंने प्रदुम के गांव के पास एक कोठरी में छिपा कर रखा था। पुलिस टीम ने अभियुक्त को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर वह बाइक भी बरामद कर ली।अभिषेक सिंह उर्फ कल्लू पर पहले से वाहन चोरी, दुर्घटना और गंभीर धाराओं में कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं, वहीं प्रदुम एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों में नामजद है। इनमें मारपीट, बलवा, हत्या का प्रयास, धमकी जैसे अपराध शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की बाइकों को बेचकर अपनी जरूरतें और शौक पूरा करते थे।पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से बरामद दो मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर का सत्यापन भी कर लिया है। पहली बाइक हीरो स्प्लेंडर (UP33N 2427) और दूसरी TVS अपाचे (UP32 GD 8726) है। दोनों गाड़ियाँ पहले से चोरी की सूचना के तहत संबंधित थानों में दर्ज थीं।थाना सुशांत गोल्फ सिटी की पुलिस टीम ने तत्परता और कुशलता से कार्रवाई करते हुए इन दोनों चोरों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ विधिक कार्यवाही पूरी कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
