
लखनऊ नगर निगम ने पारा थाने क्षेत्र में अवैध डेरी के खिलाफ चलाया सख्त अभियान, 15 भैंस जब्त
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने शहरी स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जोन-6 के पारा थाना क्षेत्र में अवैध डेरी संचालन के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश एवं अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव के आदेशानुसार पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।अभियान के दौरान पारा थाने के पास स्थित अवैध डेरी पर कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 15 भैंस जब्त की गईं। इन्हें आलमबाग स्थित कांजी हाउस में निरुद्ध किया गया है और केवल निर्धारित जुर्माना जमा करने के बाद ही छोड़ा जाएगा। यह कार्यवाही IGRS पोर्टल और स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के आधार पर की गई थी। शिकायतों में डेरी संचालकों द्वारा गोबर को खुले प्लॉटों में फेंकने और नालियों में बहाने से गंदगी, जलभराव और मच्छरजनित रोग फैलने की आशंका व्यक्त की गई थी।नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम अधिनियम 1959 के अंतर्गत शहरी सीमा में भैंस पालन पूर्णतः प्रतिबंधित है, क्योंकि इसे अपदूषण कारक पशु माना गया है। केवल अधिकतम दो गायों को ही वैध लाइसेंस के तहत पालने की अनुमति है।अभियान में पुलिस बल, प्रवर्तन दल और पशु कल्याण विभाग की संयुक्त भागीदारी रही। डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में श्री शिवेक, नदीम, अभिनव, श्री रामकुमार, मनोज और श्री फुरकान ने अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न किया।नगर निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अवैध डेरी संचालन और गोबर निस्तारण में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि लखनऊ शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और रोगमुक्त बनाया जा सके।
