diwali horizontal

लखनऊ नगर निगम का समाधान दिवस रहा प्रभावशाली, 129 में से अधिकांश शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान

0 66

लखनऊ नगर निगम का समाधान दिवस रहा प्रभावशाली, 129 में से अधिकांश शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और विभागीय जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रतिमाह आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस इस बार 6 जून 2025 को नगर निगम मुख्यालय स्थित त्रिलोकनाथ सभागार, लालबाग में आयोजित हुआ। यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए मौके पर ही अधिकांश शिकायतों का समाधान कर दिया गया, जिससे लोगों ने संतोष जताया।समाधान दिवस का आयोजन महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, नम्रता सिंह, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद राव, जलकल जीएम कुलदीप सिंह, चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर अशोक सिंह समेत नगर निगम के सभी जोनों के जोनल अधिकारी, नगर अभियंता, स्वास्थ्य, उद्यान, सेनेटरी और पशु कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने जन शिकायतों को गंभीरता से सुनकर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की।इस समाधान दिवस में कुल 129 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सर्वाधिक 107 शिकायतें टैक्स विभाग से संबंधित थीं। टैक्स संबंधी अधिकतर शिकायतें बकाया कर निर्धारण, वार्षिक मूल्य में संशोधन तथा जीआईएस आधारित त्रुटियों से जुड़ी थीं। सभी 107 शिकायतों का मौके पर समाधान कर दिया गया, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिली।नगर निगम द्वारा समाधान दिवस के दौरान जीआईएस त्रुटियों और आपत्तियों के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया। इसमें कई नागरिकों की संपत्तियों पर लगे अनावश्यक कर भार को संशोधित करते हुए राहत दी गई। राजाजीपुरम की पुष्पा टंडन की संपत्ति पर निर्धारित वार्षिक मूल्य को 32,400 से घटाकर 6,314.40 कर दिया गया। इसी प्रकार विवेकानंदपुरी के चंद्र किशोर दुलारे, पवनपुरी, ओमनगर की दीपा और मनोजन कश्यप, तथा गढ़ी पीर खां निवासी रशीहुल हक की संपत्तियों पर कर में उचित संशोधन करते हुए उन्हें राहत दी गई।जलकल विभाग से टैक्स और सीवर से जुड़ी 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का समाधान तत्काल कर दिया गया। अतिक्रमण से जुड़ी 3 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें जोन-3 और जोन-4 की शिकायतें शामिल रहीं। इन पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि तत्काल निरीक्षण कर अतिक्रमण हटवाया जाए। इसके अतिरिक्त, सफाई से जुड़ी एक शिकायत जोन-3 से प्राप्त हुई, जिसका निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।महापौर सुषमा खर्कवाल ने समाधान दिवस की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह मंच प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद और सहयोग का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल समस्याओं को सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। जिस प्रकार से नगर निगम के सभी विभागों ने तत्परता और गंभीरता के साथ कार्य किया, वह सराहनीय है। हम भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।”नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस नगर निगम की पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिकोन्मुखी दृष्टिकोण का प्रमाण है। यह आयोजन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि नागरिकों को यह भरोसा देने का प्रयास है कि नगर निगम हर समस्या को सुनता है और समाधान हेतु तत्पर रहता है।कार्यक्रम के अंत में नगर निगम ने नागरिकों से यह अपील की कि वे आगामी समाधान दिवसों में भाग लें और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचें, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।संपूर्ण समाधान दिवस अब केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास और उत्तरदायित्व का सेतु बनता जा रहा है। नगर निगम की यह पहल न केवल नागरिक संतुष्टि को बढ़ावा देती है, बल्कि एक उत्तरदायी और संवेदनशील प्रशासन की भी मिसाल पेश करती है।

         

Leave A Reply

Your email address will not be published.