diwali horizontal

लखनऊ पुलिस ने बढ़ाई जनसुरक्षा की रफ्तार: पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने डायल-112 की 13 नई पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

0 39

लखनऊ पुलिस ने बढ़ाई जनसुरक्षा की रफ्तार: पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने डायल-112 की 13 नई पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में जनसुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा एक नई पहल की गई है। सोमवार को पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने अपने कार्यालय परिसर से 13 नई चारपहिया पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (पीआरवी) गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के शामिल होने से डायल-112 सेवा अब और अधिक तेज़, सक्षम और नागरिक-केंद्रित बन गई है।
इस अवसर पर संयुक्त पुलिस आयुक्त अमित कुमार वर्मा, पुलिस उपायुक्त विक्रांत वीर, अपर पुलिस उपायुक्त (डायल 112) राजेश कुमार यादव तथा सहायक पुलिस आयुक्त (डायल 112) सौम्या पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने बताया कि लखनऊ पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को हर आपात स्थिति में समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक सहायता प्रदान करना है। नई पीआरवी गाड़ियों के शामिल होने से लखनऊ पुलिस की रिस्पॉन्स क्षमता और भी सशक्त हुई है। इन वाहनों में अत्याधुनिक संचार उपकरण, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, उच्च गुणवत्ता वाले सेफ्टी गियर और रियल टाइम रिस्पॉन्स सिस्टम जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे घटनास्थल तक पहुंचने का समय और भी कम किया जा सकेगा।वर्तमान में लखनऊ पुलिस का औसत रिस्पॉन्स टाइम 8 मिनट 52 सेकंड है, जो प्रदेश के निर्धारित मानकों से बेहतर है। शहरी क्षेत्रों में यह 8 मिनट 28 सेकंड तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 10 मिनट 23 सेकंड है। पुलिस कमिश्नरेट का लक्ष्य है कि आने वाले समय में इस औसत को और घटाकर शहरी क्षेत्रों में 5 से 8 मिनट तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 8 से 10 मिनट के भीतर सहायता पहुंचाई जा सके।पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की इस पहल से डायल-112 सेवा का कवरेज क्षेत्र और अधिक विस्तृत होगा तथा नागरिकों तक त्वरित सहायता की पहुंच सुदृढ़ होगी। यह प्रयास अपराध नियंत्रण, जनसहायता और नागरिकों के विश्वास को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने कहा कि लखनऊ पुलिस का लक्ष्य है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति को डायल-112 के माध्यम से तुरंत और गुणवत्तापूर्ण सहायता मिले। नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और संतोष हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और लखनऊ पुलिस सदैव जनता की सेवा में तत्पर है।डायल-112 सेवा के माध्यम से अब आम नागरिक किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता और अधिक सहज, सुलभ और समयबद्ध रूप में प्राप्त कर सकेंगे। लखनऊ पुलिस का संकल्प है कि हर कॉल, हर सूचना और हर आपात स्थिति पर टीम तुरंत पहुंचे और सकारात्मक समाधान सुनिश्चित करे।लखनऊ पुलिस की यह नई पहल “सुरक्षा, सेवा और विश्वास” के सिद्धांत को और मजबूती देती है तथा राजधानी की जनता को एक और सशक्त सुरक्षा कवच प्रदान करती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.