diwali horizontal

महिला कांग्रेस ने मनाया 41वां स्थापना दिवस, ‘‘नारी सम्मान समारोह’’ का हुआ आयोजन

0 52

महिला कांग्रेस ने मनाया 41वां स्थापना दिवस, ‘‘नारी सम्मान समारोह’’ का हुआ आयोजन

लखनऊ: भारत में महिलाओं के राजनीतिक और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 15 सितंबर 1984 को स्थापित महिला कांग्रेस ने सोमवार को अपना 41वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस मध्य जोन की अध्यक्ष ममता चौधरी ने एक ‘‘नारी सम्मान समारोह’’ का आयोजन किया।कार्यक्रम में लखनऊ पश्चिम विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी शहाना सिद्दीकी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि सिद्धि श्री, डॉ. रिचा शर्मा और मेहताब जायसी विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहीं।समारोह की शुरुआत प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई, जहाँ ममता चौधरी ने महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पार्टी का झंडा फहराया और मिठाई बांटी।इस दौरान, सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाने वाली शहाना सिद्दीकी को सम्मानित किया गया। वह 50 बच्चों को गोद लेकर उनकी पढ़ाई-लिखाई का खर्च उठा रही हैं। ममता चौधरी ने उन्हें शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही, संगठन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।स्थापना दिवस के मौके पर ममता चौधरी ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें खोखले वादे कर रही हैं, जबकि प्रदेश में आए दिन महिलाओं के साथ आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में महिलाओं की एफआईआर तक दर्ज नहीं की जाती, जिससे भाजपा सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री के एक पुराने बयान को लेकर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर किसी चौराहे पर महिला के साथ अभद्रता होती है तो अगले चौराहे पर अपराधियों को यमराज मिलेंगे। इस पर ममता चौधरी ने पूछा, ‘‘महिला कांग्रेस जानना चाहती है कि यमराज कहां हैं?’’ममता चौधरी ने कहा कि देश की आधी आबादी कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। उन्होंने महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे महिलाओं की आवाज बनकर उनके मुद्दों और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करें। उन्होंने संकल्प लिया कि महिला कांग्रेस की सदस्य प्रदेश भर में जहाँ कहीं भी महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएँ घटेंगी, वहाँ पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगी।इस कार्यक्रम में सुशीला शर्मा, शीला मिश्रा, विभा त्रिपाठी, डॉ. रिचा शर्मा, सिद्धि श्री, दुर्गा चौबे, सुमन प्रजापति, मेहताब जायसी, माया चौबे, बबिता श्रीवास्तव, पुष्पा दुबे, कमलेश सिंह, प्रेमलता दुबे, मीना वर्मा, मधु रावत और जीनत परवीन सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.