
गोसाईगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 114 किलो अवैध पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार, तीन लाख रुपये की कीमत
लखनऊ: दीपावली से पहले राजधानी लखनऊ की गोसाईगंज पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और विक्रय पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए 114 किलोग्राम अवैध हैंडमेड पटाखे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है।यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत की गई। पुलिस आयुक्त लखनऊ अमरेन्द्र सिंह सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली बसंत कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन में गोसाईगंज पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।पुलिस के अनुसार, मंगलवार को गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मातन टोला इलाके में छापेमारी कर रिहायशी क्षेत्र से 37 बोरियों में भरे लगभग 114 किलोग्राम अवैध हैंडमेड पटाखे बरामद किए गए। मौके से हसीब पुत्र स्वर्गीय शरीफ निवासी मातन टोला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने दीपावली पर बिक्री के उद्देश्य से ये पटाखे जमा किए थे, परंतु वह कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका।पुलिस ने बताया कि अभियुक्त द्वारा बिना किसी लाइसेंस के विस्फोटक पदार्थों का भंडारण किया गया था, जो विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) का उल्लंघन है। इस प्रकरण में थाना गोसाईगंज में मु0अ0सं0 525/2025 धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।थाना गोसाईगंज पुलिस की इस कार्रवाई को दीपावली पर्व के दौरान जनसुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही पटाखे खरीदें और किसी भी स्थान पर अवैध निर्माण, भंडारण या बिक्री की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या 112 हेल्पलाइन पर दें।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध पटाखों का भंडारण और बिक्री न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह लोगों की जान-माल के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों के विस्फोटक सामग्री का भंडारण एक छोटी सी लापरवाही से बड़ा हादसा बन सकता है। इसलिए सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहें और समाज में सुरक्षित व शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।
