
दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में भीषण गोलीबारी, 10 लोगों की मौत, 10 घायल
जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली गोलीबारी की घटना सामने आई है। जोहान्सबर्ग के पश्चिम में स्थित बेक्कर्सडाल टाउनशिप में अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
देर रात हुआ हमला, इलाके में दहशत
पुलिस के अनुसार यह हमला स्थानीय समय के मुताबिक रात करीब 1 बजे हुआ। यह स्थान जोहान्सबर्ग से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। शुरुआती जांच में हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने बताया कि कुछ पीड़ितों को सड़क पर चलते समय अज्ञात बंदूकधारियों ने निशाना बनाया।
सोने की खदानों के पास स्थित गरीब इलाका
गौतेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली ने बताया कि यह गोलीबारी बेक्कर्सडाल के एक अनौपचारिक बार (टैवर्न) के पास हुई, जो दक्षिण अफ्रीका की प्रमुख सोने की खदानों के नजदीक स्थित एक गरीब इलाका है।
उन्होंने कहा कि मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कारों में आए करीब 12 हमलावर
पुलिस के मुताबिक, एक सफेद कोम्बी और एक सिल्वर सेडान कार में सवार करीब 12 हमलावर मौके पर पहुंचे और टैवर्न में मौजूद लोगों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने भागते समय भी बेतरतीब गोलीबारी की।
दक्षिण अफ्रीका के सार्वजनिक प्रसारक एसएबीसी के अनुसार, हमलावरों ने टैवर्न के अंदर मौजूद लोगों के साथ-साथ बाहर सड़कों पर खड़े व्यक्तियों को भी निशाना बनाया।
जांच में जुटी राष्ट्रीय टीम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ राष्ट्रीय अपराध और प्रबंधन टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।
अपराध से जूझ रहा दक्षिण अफ्रीका
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका पहले से ही उच्च अपराध दर से जूझ रहा है। इससे पहले 6 दिसंबर को प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुई गोलीबारी में तीन साल के बच्चे सहित 12 लोगों की मौत हो गई थी। करीब 6.3 करोड़ की आबादी वाले इस देश को दुनिया के सबसे अधिक हत्या दर वाले देशों में गिना जाता है।
