diwali horizontal

महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम मुख्यालय में सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को तीन दिन में निस्तारण के निर्देश

0 39
महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम मुख्यालय में सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को तीन दिन में निस्तारण के निर्देश

लखनऊ: नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को आयोजित जनता दरबार में महापौर सुषमा खर्कवाल ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए तत्काल निर्देश जारी किए। जनता दरबार में नगर निगम कार्यकारिणी की उपाध्यक्ष चरणजीत गांधी, पार्षदगण तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।महापौर के समक्ष लगभग 200 से अधिक नागरिकों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिनमें अतिक्रमण, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, मार्गप्रकाश (स्ट्रीट लाइट), टैक्स और भवन संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं। महापौर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही बुलाया और तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जनता दरबार में कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता थी। महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण अधिकतम तीन कार्य दिवसों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों के समाधान में लापरवाही या देरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान साउथ सिटी क्षेत्र से आईं 50 से अधिक महिलाओं के समूह ने अपने इलाके की समस्याएं महापौर के सामने रखीं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें खराब हैं और सफाई कार्य नियमित रूप से नहीं हो रहा है। महापौर ने महिलाओं की बात गंभीरता से सुनी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का दायित्व है कि शहर की हर गली-मोहल्ले में बुनियादी सुविधाएं बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराई जाएं।महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को सुगम, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन देना है। जनता दरबार जनता और प्रशासन के बीच संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए नागरिक सीधे अपनी समस्याएं रख सकते हैं और उनका त्वरित समाधान पा सकते हैं।उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में जनता दरबार को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नए प्रयास किए जाएंगे। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा नियमित रूप से की जाएगी, ताकि किसी भी नागरिक की समस्या लंबित न रहे। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण समाधान की जानकारी भी दी जाए।जनता दरबार में आए नागरिकों ने महापौर के तत्पर और संवेदनशील रवैये की सराहना की। लोगों ने कहा कि महापौर स्वयं आम जनता की समस्याएं सुनकर न केवल नागरिकों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं, बल्कि प्रशासनिक तंत्र को भी अधिक सक्रिय और जवाबदेह बना रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.