
उत्तर प्रदेश सरकार और ऑस्ट्रेलिया के मोनाश विश्वविद्यालय के बीच हुआ एमओयू हस्तांतरण, प्रदेश में वैश्विक स्तर की उच्च शिक्षा का मार्ग प्रशस्त
उत्तर प्रदेश सरकार और ऑस्ट्रेलिया के मोनाश विश्वविद्यालय के बीच हुआ एमओयू हस्तांतरण, प्रदेश में वैश्विक स्तर की उच्च शिक्षा का मार्ग प्रशस्त
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को 5 कालीदास मार्ग स्थित उनके सरकारी आवास पर उत्तर प्रदेश सरकार और ऑस्ट्रेलिया के मोनाश विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) का हस्तांतरण संपन्न हुआ। यह एमओयू राज्य में उच्च शिक्षा को वैश्विक मानकों पर लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि “शिक्षा और चिकित्सा मानव जीवन के दो मूल स्तंभ हैं, जो आध्यात्मिक मूल्यों से भी गहराई से जुड़े हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ता के साथ-साथ शिक्षा क्षेत्र में भी व्यापक सुधार देखने को मिल रहे हैं।”उच्च शिक्षा मंत्री ने भारत की प्राचीन शिक्षा परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा, “तक्षशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालय शिक्षा के केंद्र थे, जहां दूर-दराज से विद्यार्थी ज्ञान अर्जित करने आते थे। अब मुख्यमंत्री का यही संकल्प है कि शिक्षा का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी बच्चा उच्च शिक्षा से वंचित न रह जाए।”उन्होंने यह भी कहा कि “अब ऐसे विद्यार्थियों को विदेश जाकर शिक्षा प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से बाहर नहीं जा सकते थे। प्रदेश सरकार ने विश्वविद्यालयों के सहयोग से ऐसे शैक्षणिक केंद्र स्थापित किए हैं, जहां वैश्विक स्तर की शिक्षा प्रदेश में ही सुलभ कराई जा रही है।”मोनाश विश्वविद्यालय के साथ हुआ यह समझौता न केवल शैक्षणिक और अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देगा, बल्कि छात्रों और शिक्षकों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगा। इससे उत्तर प्रदेश वैश्विक शिक्षा मानचित्र पर एक नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।