
लखनऊ में मुठभेड़ के बाद कुख्यात चोर गिरफ्तार: क्राइम ब्रांच सिपाही के घर से चोरी गई ग्लॉक पिस्टल समेत भारी मात्रा में असलहा व नकदी बरामद
लखनऊ में मुठभेड़ के बाद कुख्यात चोर गिरफ्तार: क्राइम ब्रांच सिपाही के घर से चोरी गई ग्लॉक पिस्टल समेत भारी मात्रा में असलहा व नकदी बरामद
लखनऊ: पारा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पुलिस और कुख्यात अपराधी करन वर्मा के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल करन को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से क्राइम ब्रांच सिपाही के घर से चोरी हुई ग्लॉक पिस्टल 9MM, मैगजीन में भरे 8 कारतूस, एक अवैध तमंचा, .315 बोर के कारतूस और 90 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।यह कार्रवाई लखनऊ की अपराध शाखा, पश्चिमी जोन की क्राइम टीम और थाना पारा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में अंजाम दी गई। आरोपी करन वर्मा ने 11 जून को हंसखेड़ा स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर सिपाही की सरकारी पिस्टल, ज्वेलरी और नकदी चुरा ली थी, जिसकी एफआईआर थाना पारा में दर्ज की गई थी।गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बीबीखेड़ा क्षेत्र के पास रेलवे लाइन किनारे छिपे आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे घायलावस्था में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।गिरफ्तार करन वर्मा गोसाईगंज का मूल निवासी है और वर्तमान में आश्रयहीन कॉलोनी, चुन्नूखेड़ा में रह रहा था। वह चोरी, नकबजनी और अवैध असलहे रखने जैसे मामलों में लखनऊ के कई थानों में पहले से वांछित है। उसके खिलाफ 15 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें थाना गोमतीनगर, चिनहट, सुशांत गोल्फ सिटी, पारा और सआदतगंज शामिल हैं।बरामद सामान में शामिल ग्लॉक पिस्टल पर “GLOCK 17 USA 9X19” अंकित है, जो कि एक अत्यधिक आधुनिक और खतरनाक हथियार माना जाता है। आरोपी के पास से बरामद बैग में 90 हजार रुपये नकद भी मिले, जो चोरी की वारदात से जुड़े हैं।पुलिस ने आरोपी के ठीक होने पर आगे की विधिक कार्रवाई और अन्य साथियों की तलाश की बात कही है। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने संयुक्त टीम की तत्परता और साहस की सराहना की है।
