diwali horizontal

लखनऊ के कुकरैल में स्थापित होगा ‘ऑक्सीजन पार्क’, विश्व पर्यावरण दिवस पर हुई घोषणा

0 57

लखनऊ के कुकरैल में स्थापित होगा ‘ऑक्सीजन पार्क’, विश्व पर्यावरण दिवस पर हुई घोषणा

लखनऊ: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित कुकरैल वन क्षेत्र में ‘ऑक्सीजन पार्क’ की स्थापना की घोषणा की गई है। यह निर्णय उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड एवं वन विभाग द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में लिया गया, जिसमें ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत भी की गई।कुकरैल स्थित पिकनिक स्पॉट पर आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल, लखनऊ पूर्वी क्षेत्र के विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम, इको-पर्यटन बोर्ड के निदेशक प्रखर मिश्रा, अवध प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी शितांशु पांडेय समेत बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वृक्षारोपण से हुई, जिसमें सभी अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ पौधे रोपे। इस अवसर पर प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने कहा, “पेड़ और पर्यावरण हमारी मां के समान हैं। जिस प्रकार मां जीवन देती है, उसी प्रकार पेड़ प्राणवायु प्रदान करते हैं। अब समय आ गया है कि हम प्रकृति के ऋण को चुकाने का संकल्प लें।”इको टूरिज्म निदेशक प्रखर मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इको टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं और विभाग इन्हें व्यवहारिक रूप देने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने पर्यावरणीय दृष्टिकोण से वृक्षों के महत्व को रेखांकित करते हुए जैव विविधता के संरक्षण की दिशा में उठाए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इस अवसर पर जारी अपने संदेश में वृक्षारोपण अभियान से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी और कहा, “वृक्ष हमारी लाइफलाइन हैं। ये न केवल ऑक्सीजन के पॉवरहाउस हैं, बल्कि पर्यावरण को स्वच्छ और जीवनदायिनी बनाते हैं।” उन्होंने कहा कि कुकरैल में ऑक्सीजन पार्क की स्थापना राजधानी लखनऊ को हरित और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जहां पर्यावरणीय संतुलन को बल मिलेगा, वहीं पर्यटकों और शहरवासियों को प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का अवसर भी प्राप्त होगा।मंत्री ने कहा कि ऑक्सीजन पार्क के रूप में कुकरैल वन क्षेत्र पिकनिक, जैव विविधता संरक्षण और ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने का केंद्र बनेगा। अंत में उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि “आइए, इस पर्यावरण दिवस पर हम सब मिलकर भावी पीढ़ी को स्वस्थ, स्वच्छ एवं हरियाली युक्त वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण का संकल्प लें।”यह पहल लखनऊ को हरित राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.