
अंतरिक्ष से सकुशल लौटे शुभांशु शुक्ला, मायावती ने दी बधाई: कहा– यह सफलता देश और युवाओं के लिए प्रेरणादायक
अंतरिक्ष से सकुशल लौटे शुभांशु शुक्ला, मायावती ने दी बधाई: कहा– यह सफलता देश और युवाओं के लिए प्रेरणादायक
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से सकुशल धरती पर वापसी को देश के लिए एक गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विशेष रूप से देश के युवाओं को विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में मायावती ने मूलतः लखनऊ निवासी शुभांशु शुक्ला को उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई दी। साथ ही उन्होंने उनके परिवारजनों, देश के सभी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों और संबंधित अनुसंधान संस्थानों को भी शुभकामनाएं दीं।मायावती ने कहा कि यह उपलब्धि भारत की वैज्ञानिक क्षमताओं और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में बढ़ते कदमों का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के अनुभवों से न केवल देश को तकनीकी और शोध के स्तर पर लाभ होगा, बल्कि इससे आम जनता, विशेष रूप से युवाओं में विज्ञान के प्रति रुचि और आत्मनिर्भर भारत की भावना भी मजबूत होगी।उन्होंने कहा कि ऐसे साहसिक और ऐतिहासिक प्रयास नई पीढ़ी के लिए दिशा-संकेतक की भूमिका निभा सकते हैं और यह उपलब्धि आने वाले समय में देश की वैज्ञानिक प्रगति की गति को और तेज करेगी।
