diwali horizontal

मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को बहला-फुसलाकर दुष्कृत्य करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त  स्कूटी भी बरामद

0 51
मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को बहला-फुसलाकर दुष्कृत्य करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त  स्कूटी भी बरामद
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए मानकनगर थाना पुलिस ने एक संवेदनशील प्रकरण में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मानसिक रूप से अस्वस्थ 18 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कृत्य किया था। पुलिस ने न केवल आरोपी को गिरफ्तार किया बल्कि घटना में प्रयुक्त स्कूटी को भी बरामद कर लिया है।
मामला मानकनगर थाना क्षेत्र का है, जहाँ वादी राम किशोर (परिवर्तित नाम) ने 3 नवम्बर 2025 को पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी थी कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए मु.अ.सं. 60/2025 धारा 87 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक ज्ञान सिंह को सौंपी गई।थाना मानकनगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच तेज की। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए उसी दिन युवती को थाना काकोरी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। विवेचना के दौरान पता चला कि युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ गलत कृत्य करने वाला व्यक्ति दुर्गविजय यादव है, जो आलीशान सिटी, सदरौना, हंसखेड़ा, थाना पारा, जनपद लखनऊ का निवासी है।जांच और पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में बढ़ोत्तरी करते हुए धारा 64(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) जोड़ी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में जाल बिछाया और आज 4 नवम्बर 2025 को स्लीपर ग्राउंड, मानकनगर से उसे घटना में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UP 32 MR 3936 सहित गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक इतिहास पाया गया है। वर्ष 2022 में उस पर एन्टी पावर थेफ्ट थाना लखनऊ में मु.अ.सं. 4869/2022 धारा 135 भारतीय विद्युत अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपी दुर्गविजय यादव, उम्र लगभग 40 वर्ष, को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।इस त्वरित कार्रवाई में थाना मानकनगर की पुलिस टीम — उपनिरीक्षक ज्ञान सिंह, उपनिरीक्षक विवेक आनन्द मिश्रा, उपनिरीक्षक मिथिलेश यादव और आरक्षी जीत नारायण — की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आयुक्त लखनऊ और वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की है।मानकनगर पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि महिलाओं और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का अपराध करने वालों को कानून के शिकंजे से बचना असंभव है। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में त्वरित न्याय और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Leave A Reply

Your email address will not be published.