
बंथरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म मामले के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, पांचों अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में
बंथरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म मामले के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, पांचों अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन अंतर्गत बंथरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह गिरफ्तारी थाना बंथरा पुलिस एवं जोन दक्षिणी की सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई के दौरान की गई।पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2025 की शाम करीब पांच बजे थाना बंथरा क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस संबंध में पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मु.अ.सं. 350/2025 धारा 70(2), 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं 5(g)/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कई टीमों का गठन किया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के तहत 12 अक्टूबर को मात्र आठ घंटे के भीतर घटना में शामिल दो अभियुक्तों ललित कश्यप पुत्र राधेलाल और मेराज पुत्र स्वर्गीय बाबू खां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसके बाद 17 अक्टूबर को तीसरे अभियुक्त राजेंद्र कुमार उर्फ बाबू कश्यप पुत्र मैकूलाल को पुलिस मुठभेड़ के दौरान दबोचा गया।घटना में शामिल शेष दो अभियुक्त शिवकुमार कश्यप उर्फ छोटू कश्यप (29 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मैकूलाल और विशाल गुप्ता उर्फ जलजला (23 वर्ष) पुत्र अनिल गुप्ता — फरार चल रहे थे। दोनों पर पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।थाना बंथरा पुलिस व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम लगातार मैनुअल व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इन अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। आखिरकार, 3 नवम्बर 2025 को पुलिस टीम ने कटी बगिया से मोहान मार्ग नगवा नाले के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि अभियुक्त गिरफ्तारी से पहले आत्मसमर्पण की कोशिश कर रहे थे, पर पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवकुमार कश्यप उर्फ छोटू कश्यप, निवासी ग्राम हरौनी, मजदूरी करता है जबकि विशाल गुप्ता उर्फ जलजला, निवासी हरौनी (स्टेशन के पास), कैटरिंग का कार्य करता है। दोनों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।इस प्रकार नाबालिग से दुष्कर्म के इस संवेदनशील प्रकरण में अब तक कुल पांचों अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरफ्तारी बंथरा थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की सतत निगरानी और संयुक्त प्रयास का परिणाम है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।
