
स्थानीय स्वशासन समिति की पहली बैठक संपन्न, पंचायत विकास को लेकर दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर की अध्यक्षता में स्थानीय स्वशासन समिति की पहली बैठक सोमवार को विधानभवन स्थित कक्ष संख्या 80 में संपन्न हुई। बैठक में पंचायतीराज विभाग की योजनाओं, बजट, उपलब्धियों और क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। विभाग के निदेशक द्वारा विभागीय कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया गया।इस बैठक में समिति के कुल 16 सदस्य विधायकों ने भाग लिया और पंचायतों की दशा सुधारने को लेकर अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए। चर्चा के दौरान जिला पंचायतों द्वारा निर्मित सड़कों के रखरखाव में अनियमितताओं पर चिंता जताई गई और विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर मरम्मत की प्रभावी व्यवस्था करने की मांग उठाई गई।विधायकों ने सुझाव दिया कि पंचायतीराज विभाग की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुँचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए, साथ ही स्वच्छता संबंधी उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मांग की कि जिला पंचायत की बैठकों में क्षेत्रीय विधायकों के प्रस्ताव भी शामिल किए जाएं ताकि स्थानीय विकास कार्यों में उनकी भूमिका सुनिश्चित हो।पंचायत चुनावों में आरक्षण नियमावली के पालन और सीटों के चक्रानुक्रम में पारदर्शिता की बात कही गई। इसके अलावा, हर जनपद में एक मॉडल गौशाला स्थापित करने, अन्त्येष्टि स्थलों की संख्या बढ़ाने, ग्राम पंचायतों में नालियों की नियमित सफाई, उत्सव घरों की संख्या बढ़ाने और शिलापट्टों पर विधायकों का नाम अंकित किए जाने की मांग भी की गई।बैठक में यह भी उजागर किया गया कि कई पंचायत भवनों पर अवैध कब्जे हैं और सफाईकर्मी अन्यत्र कार्यरत हैं, जिससे स्थानीय व्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं। अंत्येष्टि स्थलों तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेने का आश्वासन देते हुए कहा कि विभागीय नियमावली और भारत सरकार की गाइडलाइनों के अनुरूप निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने प्रमुख सचिव को निर्देश दिए कि सभी सुझावों पर आवश्यक कार्यवाही की जाए और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नियमों में संशोधन के लिए चर्चा की जाएगी।बैठक में विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी, ओमकुमार, संदीप सिंह, महेश चन्द्र गुप्ता, राजीव गुप्ता, रमेश जायसवाल, राजेश त्रिपाठी, पंकज गुप्ता, वेदप्रकाश गुप्ता, मनीषा अनुरागी सहित पंचायतीराज विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार, विशेष सचिव राजेश कुमार त्यागी, निदेशक अमित कुमार सिंह और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
