
कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ की प्रतिनिधि चिंतन कार्यशाला सम्पन्न, शिक्षकों की समस्याओं पर आंदोलन की तैयारी
कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ की प्रतिनिधि चिंतन कार्यशाला सम्पन्न, शिक्षकों की समस्याओं पर आंदोलन की तैयारी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी शिक्षक प्रकोष्ठ की एक दिवसीय ‘‘प्रतिनिधि चिंतन कार्यशाला’’ आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित हुई। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने की।कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री फुपुक्टा प्रो. प्रदीप सिंह और लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. रविकांत ने भी भागीदारी की। कार्यक्रम का संयोजन प्रकोष्ठ के कोऑर्डिनेटर डॉ. अमित राय तथा संचालन को-कोऑर्डिनेटर डॉ. श्रवण कुमार गुप्ता ने किया।अपने संबोधन में कांग्रेस महासचिव अविनाश पाण्डेय ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता हैं और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा की लड़ाई में उनकी बड़ी भूमिका है। उन्होंने बताया कि संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत प्रदेश भर में शिक्षक प्रकोष्ठ की यूनिट का गठन किया जाएगा तथा दिसंबर में शिक्षकों की समस्याओं को लेकर प्रदेश स्तरीय आंदोलन किया जाएगा। विधान परिषद चुनाव में भी शिक्षक प्रकोष्ठ सक्रिय भूमिका निभाएगा।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि समाज को दिशा देने वाले शिक्षक वर्तमान तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय हिंदू विश्वविद्यालय सहित प्रदेश के विश्वविद्यालयों में आर.एस.एस. का कब्जा बढ़ रहा है और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।प्रो. रविकांत ने कहा कि गांधी और अम्बेडकर का लक्ष्य सामाजिक न्याय था और राहुल गांधी उसी मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण का पालन न होने पर कांग्रेसजनों से सड़क पर उतरकर संघर्ष करने का आह्वान किया।फुपुक्टा के प्रदेश महामंत्री प्रो. प्रदीप सिंह ने उच्च शिक्षा में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शिक्षकों के हितों की रक्षा केवल कांग्रेस ही कर सकती है।शिक्षक प्रकोष्ठ के कोऑर्डिनेटर डॉ. अमित कुमार राय ने कहा कि भाजपा सरकार ने वित्त विहीन और एडेड स्कूलों के शिक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया है, बल्कि सेवा सुरक्षा ही समाप्त कर दी है। उन्होंने मदरसों, संस्कृत पाठशालाओं तथा प्राथमिक व उच्च शिक्षा के शिक्षकों की समस्याओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।कार्यशाला में तदर्थ शिक्षकों के नेता राहुल प्रताप सिंह, ए.आई.फुक्टो के जोनल सचिव प्रो. अखिलेश राय, आजमगढ़ विश्वविद्यालय टीचर एसोसिएशन अध्यक्ष एस.जेड. अली, वित्त विहीन महासभा के उपाध्यक्ष देवमणि तिवारी सहित बड़ी संख्या में प्रदेशभर से शिक्षक शामिल हुए।
