
श्रावस्ती में व्यापारी महासम्मेलन, सुनील सिंघी और मुकुंद मिश्रा रहे मुख्य अतिथि
श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल भिनगा ने गुरुवार को नंदिनी मैरिज हॉल में व्यापारी महासम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में व्यापार जगत और सरकार के बीच बेहतर समन्वय तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने पर चर्चा की गई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यापार बोर्ड के सदस्य सुनील सिंघी और विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा शामिल हुए।
सिंघी के दूसरे कार्यकाल का स्वागत
अपने संबोधन में सुनील सिंघी ने पहले कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि देशभर में 322 से अधिक सम्मेलन आयोजित किए गए, जिनमें व्यापारियों की समस्याएँ और सुझाव सुने गए। सिंघी ने केंद्र सरकार के नौ मंत्रालयों और नीति आयोग के साथ बैठकों के जरिए व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के प्रयासों की जानकारी भी दी।
उनके दूसरे कार्यकाल के स्वागत में विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
व्यापारियों ने व्यक्त किया भरोसा
व्यापारियों का कहना है कि सिंघी के नेतृत्व में सरकार और व्यापारियों के बीच समन्वय और मजबूत होगा, जिससे ‘वोकल फॉर लोकल’ पहल को बढ़ावा मिलेगा और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में गति मिलेगी।
अन्य वक्ताओं का संबोधन
सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्र, उद्योग व्यापार बोर्ड के सदस्य सुनील पाण्डेय, जिलाध्यक्ष दीनानाथ गुप्ता, महामंत्री राजेश सोनी, उपाध्यक्ष हरिमोहन गुप्ता, नगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता और महामंत्री सत्य प्रकाश आर्य ने भी संबोधित किया और संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया।
