diwali horizontal

यूपी के ऊर्जा व स्वास्थ्य मंत्रियों ने लगवाई कोरोना वैक्सीन, बोले अखिलेश यादव व राहुल गांधी भी लगवाएं टीका

0 142

यूपी के ऊर्जा व स्वास्थ्य मंत्रियों ने लगवाई कोरोना वैक्सीन, बोले- अखिलेश यादव व राहुल गांधी भी लगवाएं टीका

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा व स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने मंगलवार को लखनऊ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। वैक्सीन की खुराक लेने के बाद ऊर्जा मंत्री ने चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए महामारी से लड़ाई में उनके योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि महामारी से लड़ाई में वैक्सीन एक बड़ा हथियार है। कोरोना मुक्त भारत के लिए पूरे देश में वैक्सिनेशन ड्राइव चल रही है। उन्होंने अपील की है कि सभी पात्र लोग इस अभियान का हिस्सा बनें और कोविड से लड़ाई में एकजुटता का परिचय दें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते हुए कहा कि वे पहले ही दिन से आज तक पूरी शिद्दत से इस महामारी को परास्त करने के प्रयासों में लगे लोगों का हौसला बढ़ा रहे हैं। देश के वैज्ञानिकों का अभिनंदन करते हुए उन्होंने कहा की आज उनके प्रयासों से दूसरे देशों से दवाई आयात करने वाला भारत वैक्सीन मैत्री से विश्व समुदाय की मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमने पूरी दुनिया के अनुभवों से सीख ली है। महामारी पर जीत तभी सम्भव है जब सब एकजुटता का परिचय दें।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने वैक्सिनेशन ड्राइव को लेकर टीका टिप्पणी की थी। प्रधानमंत्री के ऊपर भी बेजा टिप्पणियां की थी। अब प्रधानमंत्री ने भी वैक्सीन लगवा ली है और जब-जब जिसका नम्बर आ रहा है वो अपनी बारी पर वैक्सीन लगवा रहा है। उन्होंने विपक्ष के नेताओं खासकर राहुल गांधी व अखिलेश यादव से भी अपील की है कि वे भी कोरोना से जंग में एकजुटता का परिचय दें और वैक्सीन लगवाएं। लोगों को इसके लिए प्रेरित करें। कहा कि वैक्सीन लगने के बाद भी दो गज की दूरी और मास्क का उपयोग जरूर करें। यह महामारी को हराने का सबसे बड़ा हथियार है। दवाई के साथ कड़ाई भी अभी बहुत जरूरी है।

आपको बता दे कि इससे पहले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक के साथ उनकी पत्नी नम्रता पाठक, मुख्य सचिव आरके तिवारी तथा अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल ने पत्नी के साथ कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज ली थी। और भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने लखनऊ के सिविल अस्पताल में जाकर स्वदेशी वैक्सीन की पहली डोज ली थी । उन्होंने कहा कि मैं आप सभी से निवेदन करता हूं कि आप भी कोरोना वायरस संक्रमण के विरुद्ध इस अभियान से जुड़ें और सभी लोग इस वैक्सीन रूपी सुरक्षा कवच को जरूर लगवाएं। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी जगह पर मरीजों के साथ ही उनके तीमारदारों का भी कोविड टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में सभी चिकित्सकों का अवकाश रद कर दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.