
शिकोहाबाद : यमुना से मछली पकड़ रहे मछुआरों के साथ ग्रामीणों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान ग्रामीण मछली और मछुआरों के पास रखी नकदी भी छीन कर ले गये। जानकारी होने पर थाना पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है। कमथरी गांव के समीप यमुना में जालौन के तीन युवक यहां एक ठेकेदार के अधीन मछली पकड़ने का कार्य कर रहे हैं। मंगलवाररात को तीनों युवक यमुना से मछली पकड़ रहे थे, तभी कुछ ग्रामीण युवक यमुना में मछली पकड़ने के लिए पहुंच गये।
जब मछुआरों ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने मछुआरों को लाठी डंडों से पीटा और उन्हें लहूलुहान कर दिया। कई मछलीं और मछुआरों के पास रखी नकदी भी छीन कर ले गये। रात के समय यमुना की तलहटी में मारपीट और चीख पुकार मच गई। घायलों ने घटना की जानकारी ठेकेदार को दी। सूचना पर थाना नगला खंगर पुलिस पहुंची और घायलों का मेडिकल कराया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार का कहना है कि कुछ ग्रामीण युवकों ने मछुआरों के साथ मारपीट कर दी है। घायलों का मेडिकल कराया है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।