
विद्युत आपूर्ति बाधित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर हो कार्य: ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों और तकनीकी निदेशकों को निर्देशित किया है कि आंधी-तूफान, बारिश एवं पेड़ों के गिरने से प्रभावित क्षेत्रों में जहां अब तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है, वहां तत्काल युद्धस्तर पर कार्य कर विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए हैं।ऊर्जा मंत्री शुक्रवार रात शक्ति भवन में आपात बैठक कर आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान स्वीकार्य नहीं है। उपभोक्ता केंद्रित शासन की मंशा के अनुरूप डिस्कॉम स्तर से जो भी लापरवाही हो रही है, उस पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी जोनों और जिलों में 24 घंटे संचालित होने वाले कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान हो सके। मंत्री ने कहा कि “उपभोक्ता देवो भवः” की भावना से कार्य करें, अन्यथा मनमानी करने वाले विद्युत कर्मियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान उन्होंने जानकारी दी कि झांसी, जालौन, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, महोबा, मऊरानीपुर, कौशांबी, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, मेरठ, नोएडा, गौतमबुद्धनगर, कुशीनगर सहित कई जिलों में अब भी विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बहाल नहीं हुई है। विशेष रूप से बुंदेलखंड और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार ट्रिपिंग और कटौती की शिकायतें आ रही हैं। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने झांसी के मुख्य अभियंता को तत्काल हटाने के आदेश दिए।उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी फीडर से बार-बार शटडाउन न लिया जाए। आवश्यक कार्य एक ही बार में संपन्न कर लिया जाए ताकि उपभोक्ता बार-बार होने वाली कटौती से परेशान न हों। उन्होंने लखनऊ के सीजी सिटी विद्युत उपकेंद्र का उदाहरण देते हुए बताया कि एक ही दिन में 10 से अधिक बार शटडाउन लिया गया, जिसकी जांच के निर्देश दिए गए हैं।ऊर्जा मंत्री ने कहा कि लोड वाले फीडरों का संतुलन पुनः निर्धारित कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बार-बार शटडाउन, ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और अनावश्यक कटौती अब सहन नहीं की जाएगी।उन्होंने बताया कि 21 और 22 मई को आए तूफान और बारिश के कारण कई स्थानों पर पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हुईं, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। हालांकि अधिकांश स्थानों पर आपूर्ति बहाल कर दी गई है, पर जहां अब भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई है, वहां युद्धस्तर पर कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।अंत में मंत्री ने कहा कि प्रतिकूल मौसम और परिस्थितियों के बावजूद राज्य के नागरिकों को निरंतर और सुचारु बिजली आपूर्ति मिले, यह सरकार की प्राथमिकता है, और इसके लिए सभी विद्युत कर्मियों को पूरी निष्ठा और तत्परता से कार्य करना होगा
