
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का स्थलीय निरीक्षण किया, उद्घाटन तैयारियों की समीक्षा की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का स्थलीय निरीक्षण किया, उद्घाटन तैयारियों की समीक्षा की
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद गौतमबुद्धनगर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने डोमेस्टिक टर्मिनल, एयरपोर्ट उद्घाटन समारोह स्थल, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया।निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट के बोर्ड रूम में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) और एयरपोर्ट निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में परियोजना की प्रगति, आगामी कार्ययोजना और उद्घाटन समारोह की तैयारियों की विस्तृत जानकारी पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से दी गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों को सुगम और सुरक्षित अनुभव प्रदान करने के लिए सभी तैयारियाँ निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएँ। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश के विकास का प्रतीक बनने जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता, समयबद्धता और समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए और उद्घाटन समारोह की तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने पर बल दिया।मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित जनसभा और रैली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभा स्थल पर भूमि समतलीकरण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पुलिस सुरक्षा, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का पूर्ण इंतजाम किया जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और यात्री सुविधा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया।बैठक में यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो, विस्फोटक निरोधक दस्ता, सीवेज शोधन संयंत्र, नियंत्रण इकाई, उपस्टेशन और आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने हवाई अड्डे के संचालन से जुड़े तकनीकी, सुरक्षा और प्रशासनिक पहलुओं की गहन समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने हवाई अड्डे परिसर में दो नए पुलिस थाने स्थापित करने और उनमें पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़कों का सम्पर्क, माल परिवहन, अग्निशमन केंद्र, जल शोधन संयंत्र, जलभराव निस्तारण और वाहन पार्किंग व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।इस अवसर पर लोक निर्माण राज्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
