
रेलवे कॉलोनी में किन्नर ने लगाई फांसी, आलमबाग पुलिस कर रही आत्महत्या के कारणों की जांच
लखनऊ: राजधानी के आलमबाग थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब रेलवे कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में रहने वाले किन्नर ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार आज दिनांक 27 अक्तूबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजकर 29 मिनट पर थाना आलमबाग पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एलडी-55सी रेलवे कॉलोनी में रहने वाले किन्नर दीपांशू उर्फ कमोलिका पुत्र बब्लू उम्र लगभग 23 वर्ष ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही थाना आलमबाग की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और देखा कि कमरे के भीतर छत से लगी पाइप में दुपट्टे का फंदा बनाकर दीपांशू लटक रहा था।मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फील्ड यूनिट को सूचना दी। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर साक्ष्य संकलन किया। इसके बाद मृतक को उसके साथियों की मदद से नीचे उतारा गया। परिजनों को सूचना दी गई और उनकी मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी की गई। इसके उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू मोर्चरी भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से रेलवे कॉलोनी में किराए पर रह रहा था। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस अब मृतक के परिजनों, दोस्तों और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसे ऐसा कदम उठाने की क्या मजबूरी थी।मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और आलमबाग पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। घटना ने स्थानीय समुदाय और किन्नर समाज में शोक की लहर पैदा कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
