diwali horizontal

समाजवादी पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, गोरखपुर और देवरिया के डीआईओएस पर की कार्यवाही की मांग

0 100

समाजवादी पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, गोरखपुर और देवरिया के डीआईओएस पर की कार्यवाही की मांग

लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गोरखपुर और देवरिया जनपदों के जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि दोनों जनपदों में वित्तविहीन शिक्षकों को मतदाता सूची में शामिल होने से अनुचित रूप से रोका जा रहा है, जो भारत निर्वाचन आयोग के नियमों और निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है।समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत गोरखपुर और देवरिया के डीआईओएस निर्वाचन आयोग के नियमों के विपरीत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता बनने के इच्छुक वित्तविहीन शिक्षकों से वेतन विवरण, अनुमोदन और नियुक्ति से संबंधित दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, जबकि आयोग के निर्देशों में ऐसी कोई शर्त नहीं है। इस वजह से बड़ी संख्या में वित्तविहीन शिक्षक मतदाता बनने से वंचित हो रहे हैं, जिससे चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता प्रभावित हो रही है।पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक और पारदर्शी चुनाव की पक्षधर है और इसी उद्देश्य से यह मांग की गई है कि संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए तथा वित्तविहीन शिक्षकों के फार्म संख्या-19 को निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार स्वीकार किया जाए।ज्ञापन सौंपने वालों में के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह शामिल रहे, जिन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की।समाजवादी पार्टी का कहना है कि यदि आयोग इस मामले में जल्द हस्तक्षेप नहीं करता, तो यह प्रदेश के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निष्पक्ष चुनाव पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.