diwali horizontal

मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर अयोध्या की कार्तिक परिक्रमा में अभेद सुरक्षा कवच

अयोध्या LIVE 29/10/25

0 191

मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर अयोध्या की कार्तिक परिक्रमा में अभेद सुरक्षा कवच

(सिटीजन वॉयस: अयोध्या संवाददाता : जे पी गुप्ता)

अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आगामी कार्तिक परिक्रमा एवं पूर्णिमा मेला को लेकर प्रशासन ने अभेद सुरक्षा कवच तैयार किया है। लाखों श्रद्धालुओं की आमद को देखते हुए परिक्रमा मार्ग पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी के साथ पुलिस बल की तैनाती चरणबद्ध तरीके से की जा रही है।
अयोध्या एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में परिक्रमा और मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, कोई भी श्रद्धालु असुविधा में न पड़े, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष की परिक्रमा व्यवस्था में 2000 से अधिक पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसमें
13 अपर पुलिस अधीक्षक,
36 पुलिस उपाधीक्षक,
19 थाना प्रभारी,
100 निरीक्षक,
390 उपनिरीक्षक,
115 मुख्य आरक्षी (म0आर0),
1355 आरक्षी/मुख्य आरक्षी,
170 महिला आरक्षी,
पीएसी की 6 सामान्य कंपनियां,
1 बाढ़ राहत कंपनी,
तथा 1 आरएएफ कंपनी शामिल हैं।
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि परिक्रमा मार्ग, घाटों, मंदिरों और प्रमुख पड़ावों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने सेक्टरों में तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था के लिए अलग से पुलिस बल लगाया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। वहीं, पुलिस कंट्रोल रूम से निरंतर संपर्क बनाए रखा जाएगा। आवश्यकतानुसार राहत दलों और पीएसी कंपनियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्तिक परिक्रमा और पूर्णिमा मेला आस्था, परंपरा और जनभावना का प्रतीक है, इसलिए इसकी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित, सहज और श्रद्धाभाव से परिक्रमा कर सकें।
अयोध्या एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने कहा कि इस बार की परिक्रमा सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धा के संतुलन की मिसाल बनेगी। पुलिस पूरी तरह तैयार है और श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील की गई है।

श्री राम मंदिर को मिला तीन हजार करोड़ का दान

अयोध्या: श्री राम मंदिर को मिला 3000  करोड़ का दान अभी तक मंदिर पर 1500 करोड़ खर्च
भव्य राम मंदिर निर्माण को लेकर नई जानकारी सामने आई है. निधि समर्पण अभियान के दौरान देश-विदेश के राम भक्तों ने 3000 करोड़ रुपये से अधिक दान दिया, जबकि अब तक 1500 करोड़ रुपये का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
राम भक्तों के लिए अयोध्या से बड़ी खुशखबरी आई है।
पिछले दिनों श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने जानकारी दी है कि भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है।मुख्य मंदिर के साथ परकोटे के भीतर बने 6 मंदिर भगवान शिव, भगवान गणेश, भगवान हनुमान, सूर्यदेव, देवी भगवती और देवी अन्नपूर्णा भी तैयार हैं सभी मंदिरों पर ध्वजदंड और कलश की स्थापना कर दी गई है. परकोटे के भीतर बने 6 मंदिरों का निर्माण भी पूरा हो गया है.इसके साथ रामजन्मभूमि  परिसर में 25 नवंबर को आयोजित होने जा रहे ध्वजारोहण समारोह की तैयारियां तेज हो गई है।श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से मंदिरों के निर्माण की पूर्णता पर प्रस्तावित वृहद उत्सव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया गया है।इसी बीच राम मंदिर निर्माण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. राम मंदिर निर्माण के निधि समर्पण अभियान के दौरान देशविदेश के लाखों राम भक्तों ने दिल खोलकर योगदान दिया और 3000 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि रामलला को समर्पित की. भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष के अनुसार, अब तक करीब 1500 करोड़ रुपये की बिलिंग हो चुकी है, यानी इतना खर्च निर्माण कार्य पर किया जा चुका है.जबकि मंदिर परिसर में चल रहे शेष कार्यों को मिलाकर कुल लगभग 1800 करोड़ रुपये तक खर्च का अनुमान है
10 हजार लोगों को दिया जाएगा आमंत्रण

श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति अध्यक्ष ने बताया कि शुरुआत में इतना बड़ा आर्थिक सहयोग मिलने की कल्पना नहीं की गई थी, लेकिन राम भक्तों की आस्था ने इसे संभव बना दिया.उन्होंने कहा कि राम भक्तों ने जिस श्रद्धा से दान दिया है, वह अपने आप में अद्भुत उदाहरण है. इस बीच, 25 नवंबर को होने वाले विशेष कार्यक्रम को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 8 से 10 हजार अतिथियों को आमंत्रित किया है.खास बात यह है कि साल 2022 के बाद से जिन्होंने राम मंदिर निर्माण में दान दिया है, उन्हें भी इस कार्यक्रम में बुलाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है.
इन लोगों को किया जाएगा सम्मानित
भवन निर्माण समिति ने बताया कि मंदिर निर्माण में जुड़े सभी लोगों, संस्थाओं और कंपनियों का भी सम्मान किया जाएगा. 25 नवंबर के बाद एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें उन सभी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने राम मंदिर निर्माण में अपना योगदान दिया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में अधिवक्ता से अभद्रता, सीएमओ से की गई शिकायत

अयोध्या: सिविल कोर्ट अयोध्या के अधिवक्ता शशांक यादव ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय, दर्शन नगर अयोध्या के एक कर्मचारी पर अभद्र व्यवहार और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, अधिवक्ता शशांक यादव दिनांक 28 अक्तूबर 2015 को सुबह लगभग 11 बजे सीएमओ कार्यालय में सुदेश रानी गुलाटी का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने हेतु आवश्यक फार्म जमा करने पहुंचे थे। वहां पर संबंधित अधिकारी प्रवीण त्रिपाठी (एआरओ) अनुपस्थित थे। अधिवक्ता ने फार्म अनिकेत कुमार को सौंपा, लेकिन उन्होंने कहा कि फॉर्म तभी स्वीकार किया जाएगा जब प्रवीण त्रिपाठी से बात हो जाए।जब शिकायतकर्ता ने प्रवीण त्रिपाठी को फोन किया तो उन्होंने कथित रूप से कहा कि किसी वकील द्वारा लाया गया फॉर्म जमा नहीं होगा। तुम लोग वकील से मोटा पैसा लेते हो, अपने मुवक्किल को मेरे पास भेजो, हम खुद उससे पैसा लेकर काम कर देंगे।शिकायतकर्ता के अनुसार, प्रवीण त्रिपाठी ने आगे कहा कि किसी भी वकील द्वारा लाया गया फॉर्म न तो जमा होगा और न ही उस पर कोई कार्यवाही की जाएगी।

इस दौरान विपक्षी द्वारा अधिवक्ता और उनके साथी के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया।पीड़ित अधिवक्ता ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी अयोध्या को एक लिखित शिकायत देकर प्रवीण त्रिपाठी के विरुद्ध उचित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।

रबी 2025-26 योजना अंतर्गत चना प्रदर्शन बुवाई का शुभारम्भ

 कृषकों को दी गई आधुनिक तकनीकी की जानकारी
अयोध्या: रबी वर्ष 2025-26 योजना के तहत कृषि विभाग अयोध्या द्वारा विकासखंड सोहावल के ग्राम सारंगापुर में अचीवर कृषक नरसिंह नारायण के फार्म पर 1 हेक्टेयर क्षेत्र में चना फसल (प्रजाति RVG 204 c/s) की कतार से बुवाई का शुभारम्भ संयुक्त कृषि निदेशक अयोध्या मंडल डॉ. ए.के. मिश्र द्वारा किया गया।इस अवसर पर डॉ. मिश्र ने प्रति हेक्टेयर अधिक उत्पादकता प्राप्त करने के लिए भूमि शोधन, बीज शोधन तथा संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन की महत्ता पर प्रकाश डाला। बुवाई कार्य जगतजीत मल्टीक्रॉप सुपरसीडर मशीन से किया गया।फार्म स्कूल कार्यक्रम में 25 कृषकों को तकनीकी का लाइव डेमोंस्ट्रेशन दिखाया गया। इस दौरान उप कृषि निदेशक अयोध्या ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता के बारे में जानकारी दी और कैंप/जनसेवा केंद्रों के माध्यम से पंजीकरण कराने की अपील की।जिला कृषि अधिकारी डॉ. ओ.पी. मिश्र ने दलहनी एवं सहफसली खेती के माध्यम से मृदा स्वास्थ्य सुधार पर विस्तृत जानकारी देते हुए किसानों को लाइन से बुवाई एवं फसल अवशेष को मल्चिंग के रूप में उपयोग करने की सलाह दी।

के.वि.के. मसौधा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वी.पी. शाही ने चना सहित रबी फसलों की उन्नत तकनीक पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं सहा. वि. अधि. कृषि रंजीत त्रिपाठी ने सहफसली खेती को बढ़ावा देने हेतु गन्ना-चना, गन्ना-सरसों जैसी फसलों के संयोजन तथा निःशुल्क मिनीकिट बीज उपलब्धता के विषय में जानकारी दी।कार्यक्रम में बीटीएम दीपक कुमार, एटीएम अरविंद सिंह एवं शिव कुमार गुप्ता सहित कई कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।फार्म स्कूल प्रशिक्षण में कृषक रण बहादुर सिंह, नरसिंह नारायण सिंह, यशवंत सिंह, गिरजेश, रूपेंद्र सिंह, सोनू सिंह, रामकुमार यादव, कमलेश सिंह, मोनू सिंह, समर सिंह, राजेंद्र यादव सहित अन्य कृषकों ने भाग लिया।

इसके उपरांत जिला कृषि अधिकारी डॉ. ओ.पी. मिश्र ने राजकीय बीज भंडार सोहावल एवं रूदौली का निरीक्षण किया तथा फिरोजपुर ब्लॉक रूदौली में धान फसल की क्रॉप कटिंग भी कराई।

रामलला की कृपा व योगी सरकार का अद्भुत संयोग

  • पूरी तरह से वातानुकूलित व मॉड्यूलर ओटी वाला ट्रामा सेंटर तैयार
  • प्राण प्रतिष्ठा पर मिला था 300 बेड अस्पताल का तोहफा, ध्वजारोहण पर उदघाटन को 110 बेड का ट्रामा सेंटर तैयार
अयोध्या: अयोध्या में भव्य मंदिर में रामलला के विराजमान होते ही शुभ घड़ियां आ रही हैं। खास तौर से योगी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार बढ़ोतरी करती जा रही है। प्राण प्रतिष्ठा के समय राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में 300 बेड का अस्पताल व ट्रामा सेंटर की शुरुआत हुई थी। अब राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण का समय आया तो 110 बेड का ट्रामा सेंटर उदघाटन के लिए तैयार हो गया। तकरीबन 33 करोड़ की लागत से लगभग तैयार हो चुका ट्रामा सेंटर पूरी तरह से वातानुकूलित रहेगा। तीन मंजिला भवन के ग्राउंड फ्लोर पर दो मॉड्यूलर ओटी बनाई गई है। यहां प्रवेश करते ही एक रिसेप्शन की तरह काउंटर होगा। ट्रामा सेंटर का लुक पूरी तरह से कारपोरेट जैसा होगा।
रामनगरी में जहां भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा ने विश्व भर में आस्था का नया केंद्र स्थापित किया, वहां योगी आदित्यनाथ सरकार की दूरदर्शिता और विकास की गति एक अद्भुत संयोग रच रही है। अयोध्या को स्वास्थ्य सेवाओं का हब बना लेने की ठान ली है। इसी कड़ी में सबसे पहले रीडगंज चौराहे पर तीन सौ शैय्या मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के निर्माण की घोषणा की। अब खबर आ रही है मेडिकल कालेज के परिसर में बनने वाला 110 बेड का ट्रामा सेंटर भी लगभग पूरी तरह से तैयार हो चुका है।
दुर्घटना पीड़ितों व इमरजेंसी केसों के लिए विशेष व्यवस्था
यह ट्रॉमा सेंटर शहर की बढ़ती आबादी और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए अत्यंत आवश्यक है। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आमद से स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ा था और अब ध्वजारोहण जैसे बड़े आयोजनों को ध्यान में रखते हुए यह केंद्र आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करेगा। ट्रॉमा सेंटर में 110 बेड की क्षमता होगी, जिसमें गंभीर दुर्घटना पीड़ितों, सर्जरी मामलों और इमरजेंसी केसों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सबसे खास बात यह है कि फर्स्ट फ्लोर पर ही दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) बनाए गए हैं। ये ओटी आधुनिक तकनीक से लैस हैं।

“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे उदघाटन”

अयोध्या मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सत्यजीत वर्मा ने इसकी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था राष्ट्रीय निर्माण निगम के अधिकारियों से लगातार समन्वय चल रहा है। नवंबर के दूसरे हफ्ते तक ट्रॉमा सेंटर का हैंडओवर पूरा कर लिया जाएगा। हैंडओवर से पहले भवन की तकनीकी जांच कराई जाएगी ताकि कोई कमी न रहे। इसके अलावा, इंस्ट्रूमेंट्स और फर्नीचर की खरीदारी जोरों पर है। तीन हफ्तों के अंदर सभी खरीदारी पूरी कर ली जाएगी। उद्घाटन का विशेष महत्व यह है कि इसे स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराया जाएगा।
तीर्थयात्रियों की भी सुरक्षा होगी सुनिश्चित
यह ट्रॉमा सेंटर न केवल स्थानीय निवासियों के लिए वरदान साबित होगा, बल्कि राम मंदिर आने वाले करोड़ों तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। अयोध्या में सड़क दुर्घटनाएं, भीड़भाड़ से जुड़े हादसे और अन्य आपात स्थितियां आम हैं। ऐसे में 110 बेड का यह केंद्र, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट सिस्टम और डायग्नोस्टिक सुविधाएं होंगी, जीवन रक्षा में क्रांतिकारी भूमिका निभाएगा। मॉड्यूलर ओटी की सुविधा से जटिल सर्जरी तुरंत की जा सकेगी, और वातानुकूलित वातावरण मरीजों के रिकवरी को तेज करेगा।

 बाइक सवार मनबढ़ युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मियों को पीटा – हाथ पैर तोड़े, अस्पताल में चल रहा इलाज

  • शराब के नशे में धुत युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मियों की मोटरसाइकिल में मारी टक्कर
  • गांव से अन्य युवकों को बुला पंप कर्मियों की पिटाई के बाद बाइक छीनकर हुए फरार
 कुमारगंज-अयोध्या:  कुमारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पिठला इटौंजा संपर्क मार्ग पर पेट्रोल पंप से नाइट शिफ्ट ड्यूटी करके घर वापस जा रहे दो कर्मियों के बाइक पर शराब के नशे में धुत मनबढ़ युवकों ने अपनी पल्सर बाइक से टक्कर मार दी। इसके बाद बेखौफ युवकों ने गांव से लोगों को बुलाकर पेट्रोल पंप कर्मियों की जमकर पिटाई शुरू कर दी। यही नहीं मारने पीटने के बाद शराब के नशे में धुत युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मी का हाथ पैर तोड़ते हुए उसकी बाइक छीन कर मौके से फरार हो गए।
 प्राप्त जानकारी के अनुसार राम अचल कोरी व राहुल चौरसिया महाशय फिलिंग स्टेशन मीठे गांव से नाइट शिफ्ट ड्यूटी कर वापस घर आ रहे थे। मंगलवार की सुबह करीब 9:30 बजे पिठला – इटौंजा मार्ग स्थित किसान सेवा पेट्रोल पंप के आगे विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पल्सर मोटरसाइकिल ने पेट्रोल पंप कर्मियों के बाइक में सामने से टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों बाइक सवार कर्मी सड़क किनारे जा गिरे।                 इटौंजा गांव निवासी महफूज अली, महकूल अली, रिजवान तथा अलीअहमद आदि कई लोग मिलकर पेट्रोल पंप कर्मी की लात घूंसों से जमकर पिटाई शुरू कर दी। इसके बावजूद भी जब हमलावरों का जी नहीं भरा तो पेट्रोल पंप कर्मियों के हाथ पैर तोड़ डाले। चीख पुकार सुनकर राहगीर दौड़े और घायलों को पास ही स्थित सौ शैय्या चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचाया। इसके बाद हमलावरों ने अस्पताल पहुंचकर भी उत्पात मचाया। अस्पताल में इलाज कर रहे चिकित्सा कर्मियों से अभद्रता एवं गाली गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए।

दूसरी ओर घटना की जानकारी पाकर महाशय फिलिंग स्टेशन संचालक वरुणेंद्र प्रताप सिंह अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने घायल पंप कर्मियों के इलाज का प्रबंध कराया तथा समूचे घटनाक्रम की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी  मामले में घायल  कर्मी राम अचल ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा काम किए जाने हेतु कुमारगंज पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है और पिटाई करने वाले कुछ संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में लेकर उनसे कड़ी पूछताछ में जुटी है ।

गोसाईगंज महबूबगंज रोड पर दर्दनाक हादसा, बंटी कसौधन का निधन

गोसाईगंज: अयोध्या:  गोसाईगंज नगर के तेलियागढ़ मोहल्ले में शोक की लहर छा गई है। नगर के निवासी जितेंद्र कुमार कसौधन उर्फ बंटी का आकस्मिक निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 26 अक्टूबर 2025 को बंटी महबूबगंज रोड की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि वे रामगंज की तरफ पैदल जा रहे थे, तभी रामगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास अचानक गश खाकर गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

उनके असमय निधन से परिवार सहित पूरे नगर में शोक की लहर व्याप्त है। दिवंगत बंटी मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे एवं शोकाकुल परिवार को यह असीम पीड़ा सहने की शक्ति दे।

 

महंगाई के दौर में सरकार द्वारा गन्ना समर्थन मूल्य में मात्र ₹30 प्रति कुंतल की वृद्धि अत्यंत निराशाजनक है:चेतनारायण सिंह 

अयोध्या: कांग्रेस पार्टी जिला अध्यक्ष  चेतनारायण सिंह के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने किसानों के गन्ना मूल्य में उचित वृद्धि की मांग को लेकर महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को  सौंपा।जिलाध्यक्ष  चेतनारायण सिंह ने कहा कि इतनी महंगाई के दौर में सरकार द्वारा गन्ना समर्थन मूल्य में मात्र ₹30 प्रति कुंतल की वृद्धि अत्यंत निराशाजनक है। उन्होंने ककहा कि डीजल, खाद, बीज, दवा,मजदूरी,परिवहन के दामों में वृद्धि होने के कारण गन्ना पैदा करने की लागत ही कम से कम ₹400 प्रति कुंतल आती है ऐसी दशा में गन्ना मूल्य कम से कम ₹500 प्रति कुंतल घोषित होना चाहिए। ऐसे में गन्ना मूल्य में इतनी मामूली वृद्धि किसानों के साथ अन्याय है।
श्री सिंह ने मांग की कि सरकार को गन्ना समर्थन मूल्य कम से कम ₹500 प्रति कुंतल निर्धारित करना चाहिए, ताकि किसान अपने परिश्रम का उचित मूल्य प्राप्त कर सके।महानगर अध्यक्ष  सुनील कृष्ण रानू और पूर्व जिला अध्यक्ष  राजेंद्र प्रताप सिंह ने भी सरकार से मांग की कि गन्ना किसानों के हित में त्वरित निर्णय लिया जाए और प्रदेश की सभी गन्ना मिलों को शीघ्र चालू किया जाए, ताकि किसानों की गन्ना फसल समय पर क्रय हो सके और उन्हें भुगतान में विलंब न हो।किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र ही किसानों की मांगें नहीं मानीं, तो कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने बताया की ज्ञापन देते समय प्रमुख रूप से राम अवध पासी, राजकुमार पांडे,पंकज सिंह ,उमेश उपाध्याय, अशोक कनौजिया ,डॉ विनोद गुप्ता ,फ्लावर नकवी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कलियुग में सत्संग ही उत्तम साधन: आचार्य राधेश जी

मया बाजार-अयोध्या: मया बाजार से सटे टिकरा बैहारी गांव में यजमान इंद्रादेवी एवं रमेश कुमार पांडेय के तत्वाधान में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तृतीय दिवस पर अंतर्राष्ट्रीय कथा व्यास आचार्य राधेश जी ने कहा कि मनुष्य जीवन से जाने अनजाने प्रतिदिन कई पाप होते हैं। उनका ईश्वर के समक्ष प्रायश्चित करना ही एक मात्र मुक्ति पाने का उपाय है। उन्होंने ईश्वर आराधना के साथ अच्छे कर्म करने का आह्वान किया। उन्होंने जीवन में सत्संग व शास्त्रों में बताए आदर्शों का श्रवण करने का आह्वान करते हुए कहा कि सत्संग में वह शक्ति है, जो व्यक्ति के जीवन को बदल देती है। उन्होंने कहा कि व्यक्तियों को अपने जीवन में क्रोध, लोभ, मोह, हिंसा, संग्रह आदि का त्याग कर विवेक के साथ श्रेष्ठ कर्म करने चाहिए। राधेश जी ने भागवत कथा के दौरान कपिल चरित्र, सती चरित्र, ध्रुव चरित्र, जड़ भरत चरित्र, नृसिंह अवतार आदि प्रसंगों पर प्रवचन करते हुए कहा कि भगवान के नाम मात्र से ही व्यक्ति भवसागर से पार उतर जाता है।

उन्होंने भगवत कीर्तन करने, ज्ञानी पुरुषों के साथ सत्संग कर ज्ञान प्राप्त करने व अपने जीवन को सार्थक करने का आह्वान किया।

 

श्रीमद् भागवत कथा में काफी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु श्रोता व दर्शक थे।  अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक आचार्य राधेश जी ने भक्त प्रहलाद चरित्र का वर्णन करते हुए बताया कि, प्रह्लाद चरित्र पुत्र व पिता के संबंध को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि यदि भक्त सच्चा हो तो विपरीत परिस्थितियां भी उसे भगवान की भक्ति से विमुख नहीं कर सकती। इस अवसर पर श्वेता पांडेय, सुमन द्विवेदी, नीलम पांडेय, लालमती पांडेय, जूही पांडेय, शिवानी, शगुन, पायल, अदिती, कार्तिक, शिवांश, एकता पांडेय, रमाशंकर मिश्र आदि काफी संख्या में महिला व पुरुष श्रोतागण उपस्थित थे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.