
बिहार विधान सभा 2025 में योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव आमने सामने!
बिहार विधान सभा 2025:बिहार चुनाव के माहौल में एक नया राजनीतिक संग्राम छिड़ गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। मामला राजद (RJD) के उम्मीदवार उसामा शहाब से जुड़ा है, जो दिवंगत बाहुबली नेता शहाबुद्दीन के बेटे हैं। योगी आदित्यनाथ ने बिहार के रघुनाथपुर में आयोजित एक चुनावी सभा में राजद पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि “बिहार में फिर से खानदानी माफिया राज लाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और एनडीए बिहार को अपराध और जातिवाद की राजनीति से मुक्त रखने के लिए काम कर रहे हैं।वहीं, अखिलेश यादव ने बिहार पहुंचकर योगी आदित्यनाथ पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “योगी जी पहले अपने प्रदेश को देख लें, जहाँ बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की हालत सबसे खराब है। बिहार के लोगों को माफिया नहीं, रोज़गार और शिक्षा चाहिए।” अखिलेश ने उसामा शहाब का समर्थन करते हुए कहा कि “नई पीढ़ी को उनके पिता के नाम से नहीं, उनके काम से पहचाना जाएगा।”
इस बयानबाज़ी के बाद बिहार का राजनीतिक माहौल और गरम हो गया है। एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज़ हो गए हैं, जबकि रघुनाथपुर सीट पर अब यह मुकाबला सिर्फ दलों के बीच नहीं, बल्कि विचारधाराओं के बीच भी देखा जा रहा है।