
हसनगंज में संतोषी माता मंदिर प्रांगण में हुआ वार्षिक उत्सव भक्तों ने किया प्रसाद ग्रहण!
हसनगंज (उन्नाव): कस्बे के प्रसिद्ध संतोषी माता मंदिर प्रांगण में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन का संचालन जय माँ अम्बे सेवा समिति हसनगंज द्वारा किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विधिविधान के साथ अखंड रामायण पाठ से हुआ, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर परिसर में पूरे दो दिनों तक भक्ति संगीत, भजन-कीर्तन और आरती की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। रामायण पाठ के दौरान महिलाओं ने सुन्दरकाण्ड और आरती में विशेष सहयोग दिया।दूसरे दिन कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया। सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने माता संतोषी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर भक्तिभाव और आयोजन की अनुशासनप्रियता का प्रतीक बन गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीरज सिंह (जनपद प्रभारी सीतापुर भाजपा) एवं मनोज सिंह (अध्यक्ष किसान मोर्चा उन्नाव) शामिल हुए। इनके साथ मंच पर प्रशांत शुक्ला, सुनील सिंह, संजय सिंह, मिंटू, संजू गुप्ता, अमिताभ शुक्ला, आर्यन गुप्ता, विशेष साहू, विनम्र गुप्ता, शुभम गुप्ता, नैमिष गुप्ता सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। जय माँ अम्बे सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि यह वार्षिक अनुष्ठान हर वर्ष इसी प्रकार मां संतोषी के आशीर्वाद से आयोजित किया जाता है। इस बार भी आयोजन में क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचे और मां के दर्शन कर मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। कार्यक्रम के सफल संचालन में समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय युवाओं तथा भक्तजनों का सराहनीय सहयोग रहा। आयोजक मंडल ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।