
लखनऊ पुलिस की बड़ी सफलता: मडियांव में बंद मकानों में चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण और iPhone बरामद
लखनऊ पुलिस की बड़ी सफलता: मडियांव में बंद मकानों में चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण और iPhone बरामद
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के उत्तरी जोन अंतर्गत थाना मडियांव पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आरोपी बंद पड़े मकानों का ताला तोड़कर चोरी करते थे और चोरी किए गए कीमती आभूषणों को बेचकर विलासिता भरा जीवन जीते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने और एक iPhone मोबाइल फोन बरामद किया है।थाना मडियांव पुलिस टीम शनिवार को भिठौली तिराहे के पास क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हाल ही में क्षेत्र में हुई चोरी के मामलों में संदिग्ध तीन युवक एल्डिको रिगालिया के पास ककौली रोड पर घूमते देखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़ लिया।पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हिमांशु गौतम (19 वर्ष), निवासी हरिओम नगर, नौबस्ता मडियांव; सूरज गौतम (19 वर्ष), निवासी रामलीला मैदान के पास, नौबस्ता मडियांव; और शुभम (20 वर्ष), निवासी डुडौली, थाना मडियांव के रूप में हुई। तीनों का मूल निवास सीतापुर जनपद के विभिन्न ग्रामों में है।तीनों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के गहनों में झुमके, झाले, चेन, मंगलसूत्र, लाकेट, अंगूठियां, पायल, बिछिया, करधनी, खड़वा सहित एक हल्के नीले रंग का iPhone बरामद हुआ। बरामद सामान थाना मडियांव में दर्ज मुकदमा संख्या 637/2025 और 647/2025 से संबंधित पाया गया। बरामदगी के आधार पर अभियोगों में धारा 317(2) बी.एन.एस. की वृद्धि की गई है।पुलिस के अनुसार, तीनों युवक आपस में मिलकर रात के समय बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और मौका देखकर ताले तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के आभूषण बेचकर ये अपने व्यक्तिगत शौक और विलासिता की पूर्ति करते थे।अभियुक्तों के खिलाफ थाना मडियांव में धारा 305(ए), 331(4) और 317(2) बी.एन.एस. के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अन्य थानों और जनपदों से इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नितिन कुमार, शुभम तिवारी, अखिलेश सिंह, पुष्पेंद्र चौधरी, जोशी रघुवंशी, हेड कांस्टेबल आकाश सिंह और दुर्गेश सिंह की टीम द्वारा की गई।पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में हाल में हुई चोरी की कई वारदातों का पर्दाफाश हुआ है और पकड़े गए अभियुक्तों से आगे की पूछताछ में और खुलासे की संभावना है।
