
बृजभूषण शरण सिंह ने किया बड़ा ऐलान, 2029 में कैसरगंज से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
बहराइच: बहराइच जिले कैसरगंज से बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने 2029 लोकसभा चुनाव लड़ने का बड़ा ऐलान किया है। गुरुवार को भगवतीगंज क्षेत्र में श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सिंह ने अपनी राजनीतिक सक्रियता को लेकर खुलकर बात की।
‘परिस्थितिजन्य रिटायरमेंट’ पर पलटवार
पूर्व सांसद ने कहा कि उनका राजनीतिक रिटायरमेंट परिस्थितिजन्य था, लेकिन जनता ने उन्हें कभी रिटायर नहीं किया।
उन्होंने कहा —
“मुझे परिस्थितिजन्य रूप से रिटायर कर दिया गया, लेकिन जनता ने मुझे रिटायर नहीं किया है।”
उन्होंने बताया कि देवीपाटन मंडल की जनता का स्नेह और भावनाएं उन्हें दोबारा सक्रिय राजनीति में आने की प्रेरणा देती हैं। इसी जनसमर्थन को देखते हुए उन्होंने निर्णय लिया है कि वह 2029 में कैसरगंज सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए चुनाव में बीजेपी ने उनकी जगह उनके पुत्र को टिकट दिया था।
भागवत कथा में की शिरकत
बृजभूषण शरण सिंह भगवतीगंज क्षेत्र में एक पूर्व सभासद के घर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ समारोह में शामिल हुए। दीप प्रज्वलन कर कथा की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि “जीवन को दिशा देने वाली शिक्षा” है।
पहले दिन की कथा में अयोध्या रामकोट स्थित श्रीरामलला सदन देवस्थान के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध कथावाचक राघवाचार्य जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप और भक्त ध्रुव चरित्र का वर्णन किया।
स्थानीय नेताओं की मौजूदगी
कार्यक्रम में सदर विधायक पलटूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, एवं अन्य स्थानीय नेता व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
