diwali horizontal

बंदरों की लड़ाई में गिरी दीवार की रेलिंग, टला बड़ा हादसा!

0 85

बंदरों की लड़ाई में गिरी दीवार की रेलिंग, टला बड़ा हादसा!

​आदर्श नगर पंचायत में बंदरों का आतंक, स्थानीय निवासियों में दहशत; ईओ से नहीं हो सका संपर्क

(सिटीज़न वॉयस​ रोहित कुमार कनौजिया, औरास, उन्नाव)
उन्नाव: आदर्श नगर पंचायत औरास के चंद्रशेखर आजाद नगर में बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब लोगों के घरों की दीवारें भी सुरक्षित नहीं रही हैं। शुक्रवार को नर्सरी पुलिया क्षेत्र में बंदरों के दो गुटों की आपसी लड़ाई के दौरान एक मकान की दीवार पर लगी रेलिंग भरभरा कर नीचे गिर गई।

​बाल-बाल बचे राहगीर
गनीमत यह रही कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय नीचे गली में कोई भी व्यक्ति या बच्चा मौजूद नहीं था। चश्मदीदों के मुताबिक, रेलिंग गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि लोग घरों से बाहर निकल आए। यदि उस वक्त कोई वहां से गुजर रहा होता, तो गंभीर चोट आने या जान जाने का बड़ा खतरा पैदा हो सकता था।
​कटखने बंदरों से मोहल्लेवासी परेशान

स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में कटखने बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ये बंदर न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचा रहे हैं, बल्कि घरों के भीतर घुसकर सामान की तोड़फोड़ और लोगों पर हमला करने की कोशिश भी करते हैं। महिलाओं और बच्चों का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है।
​प्रशासनिक अनदेखी से आक्रोश

मोहल्लेवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन और जिला प्रशासन से बंदरों को पकड़वाने और इस समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। इस संबंध में जब ‘दैनिक सिटीज़न वॉयस’ के क्षेत्रीय संवाददाता रोहित कुमार कनौजिया ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (EO) शुभम कुमार यादव से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया, तो उनसे बात नहीं हो सकी। अधिकारियों की इस चुप्पी से स्थानीय जनता में भारी रोष व्याप्त है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.