diwali horizontal

लखनऊ नगर निगम में हंगामा,मुर्दाबाद के नारे से गूंज उठा।

0 41

लखनऊ नगर निगम में हंगामा,मुर्दाबाद के नारे से गूंज उठा।

 

LUCKNOW NAGAR NIGAM NEWS: लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में आज यानी 6 फरवरी को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां शहर के अलग-अलग इलाकों से सैकड़ों लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। समाधान दिवस के तहत नागरिकों की शिकायतें सुनने के लिए स्वयं मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार मौजूद रहे और लोगों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। समाधान दिवस का उद्देश्य आम जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना बताया गया।

हालांकि समाधान दिवस के दौरान उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई जब सरोजनी नगर द्वितीय वार्ड की अवध विहार कॉलोनी से आए लोगों ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने “नगर निगम मुर्दाबाद” और “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराने की कोशिश की।

प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवध विहार कॉलोनी में लंबे समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। उनका कहना है कि कॉलोनी की सड़कों पर लगातार पानी भरा रहता है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों का दावा है कि कई बार नगर निगम से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

लोगों का यह भी कहना है कि जलभराव की समस्या के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है, वहीं बारिश के बिना भी कॉलोनी में पानी भरे रहना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर न तो नगर निगम के अधिकारी मौके पर आते हैं और न ही पुलिस प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेता है।

संपूर्ण समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों की शिकायतें दर्ज कीं और उन्हें आश्वासन दिया कि जलभराव की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि संबंधित विभाग को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.