
लोहिया अस्पताल में स्टाफ-तमीरदारों में मारपीट!
लखनऊ LIVE: लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद स्टाफ और तीमारदारों में मारपीट हो गई। पुलिस ने 3 तीमारदारों को हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ विभूति खंड थाने में शिकायत दी।

परिजनों ने इलाज में लापरवाही बरतने के कारण मरीज की मौत और स्टाफ पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। अस्पताल प्रशासन ने तीमादारों पर मारपीट और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।

लाल बहादुर के साले प्रदीप ने बताया- लाल बहादुर बुलेट के मैकेनिक थे। इस समय रजौली अनवरी बेहटा, गुडंबा में रहते थे। सोमवार रात में लाल बहादुर की तबियत खराब हो गई। उन्हें इलाज के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल लाया गया। अस्पताल में उनकी तबियत में कोई सुधार नहीं हुआ।
‘इजेक्शन लगाते ही अचेत हो गए लाल बहादुर’
प्रदीप ने बताया कि इलाज शुरू होने बाद लाल बहादुर हाथ-पैर फेंकने लगे तो डॉक्टर ने इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद बोला गया कि वेंटीलेटर पर रखना पड़ेगा। मंगलवार सुबह 7 बजे तक कुछ नहीं किया।

उनकी तबियत बिगड़ी तो बेहोशी का इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और अचेत हो गए। इस पर परिवार के सदस्य घबराकर रोने-बिलखने लगे तो डॉक्टरों और गार्डों ने विरोध किया। सभी को धक्का देकर बाहर गिरा दिया।
संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विक्रम सिंह ने बताया कि मरीज की हालत खराब थी और उसे इंट्यूबेट करने की जरूरत थी। इसके लिए घरवालों ने सुबह साढ़े पांच बजे लिखित में मना कर दिया था।
हालत ज्यादा खराब होने पर साढ़े छह बजे इसकी सहमति दी, तब उसकी हालत खराब हो चुकी थी। तमाम कोशिश के बाद उसे बचाया नहीं जा सका। इसके बाद घरवालों ने मारपीट और तोड़फोड़ शुरू कर दी। सीसीटीसी फुटेज के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।