
लखनऊ में PM के ट्रांजिट विजिट पर ट्रैफिक अलर्ट, कई रूट डायवर्ट!
Lucknow Live: लखनऊ में आज 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमौसी एयरपोर्ट ट्रांजिट विजिट को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट से लेकर आगरा एक्सप्रेसवे तक सुरक्षा के चलते कई रूटों पर डायवर्जन लागू रहेगा। मंगलवार शाम 6 बजे से ही भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। पीएम मोदी के लौटने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।
आम वाहनों के लिए भी जरूरत के मुताबिक रूट बदले जाएंगे। शहर के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं, डायवर्जन के जरिये एयरपोर्ट के आसपास का एरिया पूरी तरह कंट्रोल किया गया है।

भारी वाहनों के लिए प्लान-
- अमौसी एयरपोर्ट वीआईपी मोड़ से भारी वाहन अमौसी एयरपोर्ट के अंदर नहीं जा सकेगा, बल्कि यह यातायात अमौसी एयरपोर्ट वीआईपी मोड से अमौसी कॉमर्शियल मोड़ से बाएं होकर अपने गंतव्य को जाएगा।
- लखनऊ से हरदोई होते हुए शाहजहांपुर, बरेली, उन्नाव, कन्नौज, कानपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन लखनऊ से आगरा एक्सप्रेसवे और हरदोई मार्ग की तरफ नहीं जा सकेंगे, बल्कि लखनऊ के खुशहालगंज किसानपथ अंडरपास या बाजपुर किसानपथ अंडरपास से किसानपथ होते हुए एनएच-24 (लखनऊ-सीतापुर मार्ग) होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
- तिकोनिया तिराहा से आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे की ओर भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, बल्कि ये वाहन दुबग्गा पेट्रोल पंप तिराहा, दुबग्गा थाना तिराहा (छंदोइया तिराहा) होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे।