
सोनभद्र में दामाद की सड़क हादसे में मौत
LIVE NEWS: अनपरा थाना क्षेत्र के सोनवानी में हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक अपने साले के बहुभोज कार्यक्रम में शामिल होने आया था।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के नौगढ़ निवासी सिकंदर सिंह (30)के रूप में हुई है। वह सोनवानी स्थित अपने ससुराल में चचेरे साले की शादी के बहुभोज कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
गुरुवार को घर में बहुभोज का कार्यक्रम था। सिकंदर सिंह गांव के ही दो अन्य लोगों के साथ बाइक से डिबुलगंज बाजार सामान लेने जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि सोनवानी स्थित ईंट भट्ठा के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सिकंदर सिंह की मौत हो गई। वहीं, अन्य दो घायलों का इलाज अभी भी जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।
इस घटना की सूचना मिलते ही बहुभोज समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है और पूरे गांव में गम का माहौल है।