
यूपी में बदला मौसम, मऊ-गाजीपुर में झमाझम बारिश; गर्मी से मिली निजात
WEATHER ALERT: यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। शनिवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया। मऊ और गाजीपुर में सुबह से तेज धूप के बाद दोपहर 2 बजे जोरदार बारिश हुई। 50 की रफ्तार से हवाएं चलीं। गोरखपुर में भी धूलभरी आंधी चली। सुबह से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली।
देर रात वाराणसी में भी जोरदार बारिश हुई। बिजली कड़की। करीब आधे घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया। कौशांबी में भी सुबह-सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। अमेठी में मिट्टी की दीवार ढहने से मां-बेटी की मौत हो गई। बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
इससे पहले, लखनऊ-कानपुर समेत ज्यादातर जिलों में सुबह से ही तेज धूप निकली। हवा में नमी की वजह से गर्मी थोड़ी कम रही। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 43 जिलों में बारिश, 21 जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 24 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा।

इससे 12 दिन से चले रहे आंधी-बारिश के सिलसिले पर ब्रेक लगेगा। फिर गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। पारा 5°C-6°C उछलकर 45°C पार करेगा। 9 जून से हीटवेव (लू) का नया दौर भी शुरू होगा। पिछले 24 घंटे में वाराणसी प्रदेश में सबसे गर्म रहा। तापमान 42.2°C रिकॉर्ड किया गया। हरदोई (22°C) में रात का तापमान सबसे कम रिकॉर्ड किया गया।
बलिया में करीब 25 घंटे बाद एक बार फिर मौसम ने करवट ली। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे तक तेज धूप और गर्मी का असर बना रहा, लेकिन इसके बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
बारिश शुरू होते ही सड़क पर मौजूद लोग भीगने से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। वहीं, बच्चों ने बारिश का जमकर आनंद लिया और मस्ती करते दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।