diwali horizontal

उप जिलाधिकारी श्याम प्रताप सिंह व राजकुमार बैठा को दी गयी भावभीनी विदाई

0 45

उप जिलाधिकारी श्याम प्रताप सिंह व राजकुमार बैठा को दी गयी भावभीनी विदाई

AZAMGARH LIVE : वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में उप जिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह के अपर जिलाधिकारी पद पर पदोन्नति एवं मैनपुरी स्थानांतरण के अवसर पर एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त की गईं। समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह ने कहा कि श्री श्याम प्रताप सिंह ने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक कुशलता, निष्पक्षता और जनसेवा का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा। उन्होंने राजस्व एवं भूमि विवादों के प्रभावी निस्तारण, धार्मिक एवं सामाजिक विषयों के शांतिपूर्ण समाधान तथा जनहित के अनेक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके कार्यों की प्रशंसा स्वयं जिलाधिकारी भी समय-समय पर करते रहे हैं। श्री सिंह ने कहा कि श्याम प्रताप सिंह का अनुशासित व्यक्तित्व, समय के प्रति सम्मान और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। अपने संबोधन में श्याम प्रताप सिंहउपजिलाधिकारी ने वेदांता इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रबंधन की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का भी उत्कृष्ट केंद्र है। उन्होंने विद्यालय परिवार को निरंतर प्रगति एवं सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत एवं विदाई गीत प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। कृष्ण मिश्रा के नेतृत्व में परेड के माध्यम से मुख्य अतिथि को स्वागत कक्ष तक सम्मानपूर्वक लाया गया। वहीं इंजीनियर इंद्रजीत साहनी द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण विदाई गीत ने पूरे वातावरण को भावुक बना दिया। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी निजामाबाद राजकुमार बैठा को उनके सिधारी स्थित आवास पर प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह ने अपने परिवार के साथ भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। शिव गोविंद सिंह ने कहा कि राजकुमार बैठा ने अपने सरल, सौम्य एवं जनहितैषी व्यक्तित्व से सभी के हृदय में विशेष स्थान बनाया है। उनका स्नेह एवं आत्मीय व्यवहार सदैव स्मरणीय रहेगा। विदाई के अवसर पर श्री राजकुमार बैठा ने भावुक होते हुए कहा, “प्रशासनिक सेवा में अनेक लोगों से मुलाकात होती है, लेकिन कुछ परिवार ऐसे होते हैं जो स्थानांतरण के बाद भी दिल में बसे रहते हैं। शिव गोविंद सिंह और उनका परिवार मेरे लिए ऐसा ही परिवार है। आप सभी का स्नेह और सम्मान मैं जीवनभर नहीं भूलूँगा।” समारोह के अंत में दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल प्रशासनिक जीवन की कामना करते हुए विद्यालय परिवार एवं उपस्थित लोगों ने उन्हें अश्रुपूरित नेत्रों से भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर डॉ. बी. डी. सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.