
लखनऊ में रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत
lucknow live: लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। बुधवार रात नरौना स्थित शराब के ठेके के पास हुई इस घटना की सूचना मिलने पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से रिवॉल्वर और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि ग्राम नरौना स्थित शराब के ठेके के पास एक युवक रिवॉल्वर लहरा रहा है और उसने फायरिंग भी की है। फायरिंग की आवाज से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया था।
रिवाल्वर में फंसा था खोखा
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक काकोरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इससे पहले क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम ने आरोपी अभिषेक प्रताप को पकड़ लिया था। अभिषेक प्रताप पुत्र प्रकाश सिंह मुबारकपुर, आईआईएम कॉलोनी, थाना शेरपुर, लखनऊ का निवासी है।

तलाशी के दौरान आरोपी की कमर में लगे होल्स्टर से पांच कारतूस बरामद हुए। लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी कब्जे में ले लिया। जांच में रिवॉल्वर के अंदर एक खोखा फंसा मिला, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रिवॉल्वर का लाइसेंस किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर है।
प्रभारी निरीक्षक काकोरी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि आयुध अधिकारी कार्यालय से जानकारी लेकर लाइसेंस धारक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।