
लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर ने कार्यभार संभाला
लखनऊ LIVE: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में किए गए आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के बाद वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा ने बुधवार को लखनऊ पुलिस कमिश्नर के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया।

उन्होंने पदभार संभालने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने कहा कि राजधानी में अपराध नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार तथा आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित किया जाएगा, जिससे लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके। आधुनिक तकनीक, इंटेलिजेंस आधारित पुलिसिंग तथा बीट व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में पूर्व पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए तरुण गाबा को लखनऊ पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।