
DAV कॉलेज की जमीन पर कब्जे के आरोप में पूर्व पार्षद गिरफ्तार
LUCKNOW LIVE: लखनऊ के DAV कॉलेज परिसर की जमीन पर कब्जे, तोड़फोड़ और मारपीट के चर्चित मामले में नाका पुलिस ने पूर्व पार्षद हर्षित दीक्षित को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता और समर्थक नाका थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर कई थानों की पुलिस मौके पर बुलानी पड़ी। देर रात तक नाका चौराहे के आसपास यातायात भी प्रभावित रहा।

जमीन कब्जाने और तोड़फोड़ का है आरोप
पुलिस के मुताबिक, मामला आर्यनगर स्थित DAV कॉलेज परिसर की उपकार डायग्नोस्टिक सेवा संस्थान की जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि हर्षित दीक्षित अपने साथियों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे। इस दौरान परिसर में तोड़फोड़, पथराव और मारपीट की घटना हुई थी। घटना के बाद दर्ज मुकदमे में हर्षित दीक्षित नामजद थे और तभी से फरार चल रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में मुख्य आरोपी अधिवक्ता अजीत कुमार समेत एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तारी के बाद थाने पर जुटे अधिवक्ता
हर्षित दीक्षित की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता और समर्थक नाका थाने पहुंच गए। उन्होंने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया और थाने का घेराव कर लिया। हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
एसीपी कैसरबाग ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। प्रदर्शन के चलते नाका चौराहे और आसपास के इलाकों में देर रात तक ट्रैफिक प्रभावित रहा। पुलिस ने अतिरिक्त जवानों की मदद से यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया।