diwali horizontal

प्रभास की नई फिल्म ‘फौजी’ का स्वतंत्रता दिवस पर पहला पोस्टर आउट, 3 दिसंबर को होगी रिलीज

0 42

मनोरंजन डेस्क : साउथ और हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार प्रभास के प्रशंसकों के लिए 80वां स्वतंत्रता दिवस बेहद खास रहा। निर्देशक हनु राघवपुड़ी के निर्देशन में बन रही प्रभास की बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक फिल्म ‘फौजी’ की टीम ने इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर फिल्म का एक नया और बेहद दमदार पोस्टर जारी किया है।

मैत्री मूवी मेकर्स और टी-सीरीज फिल्म्स द्वारा निर्मित इस फिल्म का यह पोस्टर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को समर्पित है। पोस्टर के साथ निर्माताओं ने एक भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा, “आजादी जश्न बनने से पहले एक जंग थी! हर उस फौजी के जज़्बे को सलाम, जिसने हमारे कल के लिए लड़ाई लड़ी। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।”

सामने आए इस नए लुक में प्रभास एक बेहद गंभीर, शक्तिशाली और बिल्कुल अनोखे अवतार में नजर आ रहे हैं। ‘सीता रामम’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म दे चुके निर्देशक हनु राघवपुड़ी इस बार प्रभास को एक अलग ही ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में पेश करने की तैयारी में हैं, जिससे दर्शकों और प्रशंसकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है।

नवीन येरनेनी, वाई. रविशंकर और भूषण कुमार द्वारा निर्मित यह बड़े बजट की एक्शन-ड्रामा फिल्म 3 दिसंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में कई भाषाओं में प्रदर्शित की जाएगी। ‘कल्कि 2898 एडी’ और ‘सालार’ की अपार सफलता के बाद प्रभास का यह नया रूप बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर बड़ा धमाका करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.