diwali horizontal

बरसात में जलभराव और गंदगी पर तत्काल कार्रवाई करें, नगरों में कहीं भी कूड़े का ढेर न दिखे : मंत्री श्री ए. के. शर्मा

0 36

बरसात में जलभराव और गंदगी पर तत्काल कार्रवाई करें, नगरों में कहीं भी कूड़े का ढेर न दिखे : मंत्री श्री ए. के. शर्मा

HIGHLIGHTS

डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग तेज करें, अस्पतालों में अतिरिक्त बेड, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की व्यवस्था रखें

हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता, जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता से करें निस्तारण, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी : मंत्री श्री ए. के. शर्मा

लखनऊ, 27 अगस्त 2026:नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने अपने प्रभार जनपद भदोही में कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और जनसुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव, साफ-सफाई, संक्रामक रोगों की रोकथाम तथा पेयजल व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी नगर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। जहां जलभराव की समस्या है, वहां तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराते हुए स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलजमाव से मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां एंटी लार्वा का नियमित छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए।साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि नगरों में कहीं भी कूड़े का ढेर दिखाई नहीं देना चाहिए। नियमित कूड़ा उठान एवं निस्तारण के साथ सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। अधिकारियों को मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने के भी निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान श्री शर्मा ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया, वायरल बुखार एवं अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए। सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं के साथ अतिरिक्त बेड, पर्याप्त ऑक्सीजन एवं वेंटिलेटर की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित रखी जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिया कि पेयजल योजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाए और निर्धारित समयसीमा में योजनाओं को पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच तथा स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।

मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में है। किसी भी समस्या के निस्तारण में अनावश्यक देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक औराई श्री दीनानाथ भास्कर, विधायक ज्ञानपुर श्री विपुल दुबे, जिलाधिकारी श्री शैलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव त्यागी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.