
सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: 6 की मौत, 6 घायल; CM रेखा गुप्ता ने दिए सुरक्षा ऑडिट के आदेश
DELHI LIVE: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए बिल्डिंग हादसे को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राहत और बचाव का काम लगातार जारी है और करीब 80 प्रतिशत मलबा हटाया जा चुका है। मलबे के अंदर से अब तक 12 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें से 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग घायल हैं और उनका इलाज कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस पूरे मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मार्गदर्शन मिल रहा है। हादसे के बाद आसपास की दूसरी खतरनाक इमारतों को भी खाली कराया गया है,
ताकि किसी और तरह का हादसा न हो। मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे से सटी हुई एक और इमारत को भी गिराया जाएगा, क्योंकि उसकी सुरक्षा को लेकर खतरा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अब दिल्ली की इमारतों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा। यानी पुरानी और कमजोर इमारतों की जांच की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि कौन-सी इमारत रहने के लिए सुरक्षित है और कौन-सी नहीं। इस जांच के जरिए प्रशासन यह कोशिश करेगा कि भविष्य में सत्य निकेतन जैसी घटना दोबारा न हो। रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को भी साफ चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि इमारत की हालत पहले से खराब थी या नहीं,
वहां किसी तरह का निर्माण या मरम्मत का काम चल रहा था या नहीं और सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। इस हादसे ने दिल्ली में पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सरकार की तरफ से अब पूरे दिल्ली में इमारतों का ऑडिट कराने की बात कही गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में कई पुरानी इमारतों की जांच हो सकती है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर पहले से किसी इमारत में खतरे के संकेत थे, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? अब सरकार की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर होने वाली कार्रवाई से ही साफ होगा कि इस हादसे के पीछे असली वजह क्या थी।