
मोहसिन रज़ा बने अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष
MOHSIN RAZA NEWS: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पूर्व राज्यमंत्री और भाजपा नेता मोहसिन रजा को राज्य अल्पसंख्यक आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। सरकार के आदेश के अनुसार उन्हें कैबिनेट मंत्री स्तर का दर्जा भी मिलेगा।
मोहसिन रजा इससे पहले योगी सरकार के पहले कार्यकाल में अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज विभाग के राज्यमंत्री रह चुके हैं। अब उन्हें एक बार फिर अल्पसंख्यक मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी गई है।
आयोग में अध्यक्ष के साथ आठ सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है। इनमें संदीप जैन, अंशुमान कुमार सिंह मैसी, सरदार हनप्रीत सिंह बेदी, मोहम्मद असलम, सरदार परविंदर सिंह, नेहा खान, सैयद सिराज अब्बास रिजवी और रूमाना सिद्दीकी शामिल हैं।
मोहसिन रजा की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में अल्पसंख्यक प्रतिनिधित्व और वक्फ संपत्तियों से जुड़े मुद्दे चर्चा में हैं। रजा हाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान वक्फ संपत्तियों की जांच और ऑडिट का मुद्दा भी उठा चुके हैं।