
चौबेपुर में पकड़ा गया मगरमच्छ: 2 दिनों से क्षेत्र में दहशत बना हुआ था दहशत का पर्याय
कानपुर नगर: कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में पिछले दो दिनों से घूम रहे मगरमच्छ ने ग्रामीणों में दहशत फैला रखी थी। वन विभाग की टीम ने देर रात सफलता पूर्वक पकड़ लिया है। हरदासपुर गांव के पास हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय पुलिस भी व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर मौजूद रही।
मगरमच्छ को सबसे पहले रंजीतपुर राजवाहा में देखा गया था, जिसके बाद आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। इसके बाद रौतापुर गांव में भी मगरमच्छ की मौजूदगी की खबर आई।

लगातार अलग-अलग स्थानों पर मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों में भारी दहशत थी और लोग पानी के स्रोतों व खेतों की ओर जाने से कतरा रहे थे। ग्रामीणों की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने संभावित इलाकों में निगरानी शुरू की। देर रात हरदासपुर गांव के पास मगरमच्छ दिखाई देने पर टीम ने सावधानीपूर्वक उसे काबू में कर लिया।
मगरमच्छ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त की साथ ही उन्हें सतर्कता बरतने को कहा गया।