diwali horizontal

लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज: काले बादलों के बीच बारिश, 40 किमी/घंटा तक तेज हवा का अलर्ट

0 37

लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज: काले बादलों के बीच बारिश, 40 किमी/घंटा तक तेज हवा का अलर्ट

WEATHER ALERT: लखनऊ में शुक्रवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। आसमान में काले बादल छाए हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है। गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह भी जारी है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान सामान्य से कम बना हुआ है और मौसम में ठंडक महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को दिनभर तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं। हवा की रफ्तार करीब 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। आज अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले दो दिन भी लखनऊ में मध्यम से तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद मौसम साफ होने की संभावना है।

लखनऊ में गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे से आज शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक 10.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। जबकि सामान्य बारिश का औसत 4.6 मिलीमीटर है। 1 जून से लेकर 25 सितंबर तक मानसून के दौरान लखनऊ में बरसात 676.7 मिलीमीटर हुई है। जबकि सामान्य बरसात का औसत 670.9 मिलीमीटर है। फिलहाल लखनऊ में 1 फीसदी अधिक बरसात हुई है।

मौसम हुआ सुहावना

लखनऊ में गुरुवार को हुई बारिश के कारण दिन के अधिकतम तापमान में करीब 3.4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहावना रहेगा।

बारिश से मानसून के कोटे की भरपाई

मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान चलने वाली तेज सतही हवाओं और मूसलाधार बारिश से राज्य में अब तक मानसून की बारिश में रही 6% की कमी की भरपाई होने की उम्मीद है। प्रशासन ने बारिश और तेज हवाओं के अलर्ट को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.