
बहराइच की 10 प्रमुख खबरें: (13 अक्टूबर 2026- मंगलवार )
-
जरवलरोड के तूफानी चौराहे पर आज से शुरू होगी रामकथा:
जरवलरोड के तूफानी चौराहे स्थित मां दुर्गा पूजा पंडाल में आज से सात दिवसीय भव्य रामकथा का शुभारंभ हो रहा है. तीन दशक से चली आ रही इस परंपरा के तहत कथा व्यास डॉ. संत शरण त्रिपाठी 19 अक्टूबर तक संगीमय कथा सुनाएंगे.
-
घर में घुसा जहरीला कोबरा, वन विभाग ने किया रेस्क्यू:
रूपईडीहा क्षेत्र के अंतर्गत एक घर में अचानक जहरीला कोबरा घुस आया, जिससे परिजनों और आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई. सूचना मिलने पर पहुंची वन महकमे की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया.
-
सीएचसी पहुंचकट्टा में औचक निरीक्षण, गंदगी मिलने पर स्वीपर का मानदेय रुका:
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. संजय शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचकट्टा का औचक निरीक्षण किया. ओपीडी, पैथोलॉजी और प्रसव कक्ष की व्यवस्था देखने के दौरान परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और स्वीपर का मानदेय अगले आदेश तक रोक दिया.
-
बौंडी गांव में तेंदुए की आमद से दहशत:
बौंडी क्षेत्र के एक गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है. तेंदुआ एक कुत्ते और नीलगाय का शिकार करने के बाद लगातार खेतों और रिहायशी इलाके के आसपास देखा जा रहा है.
-
अलग-अलग घटनाओं में डूबने से तीन लोगों की मौत:
जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान पानी में डूबने से तीन अलग-अलग दर्दनाक हादसों में मौतें हुईं. इसमें कैसरगंज, सुजौली और जरवलरोड क्षेत्र शामिल हैं, जहां एक बुजुर्ग ने तालाब में डूब रही अपनी बहू की जान बचाने के दौरान अपनी जान गंवा दी.
-
नानपारा में महाराजा अग्रसेन जयंती पर निकला भव्य जुलूस:
नानपारा में अग्रवाल समाज की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती पर शानदार शोभायात्रा निकाली गई. इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विशेषकर गरबा नृत्य ने सबका मन मोह लिया, साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया.
-
जेल रोड पर बिजली के तारों में फंसी खतरनाक डाल:
आंधी-तूफान के दौरान गिरे पेड़ों के अवशेष अभी भी पूरी तरह नहीं हटाए गए हैं. जिला कारागार के पूर्वी छोर पर जेल रोड के पास बिजली के तारों में फंसी एक भारी डाल सूख चुकी है, जिससे व्यस्त मार्ग पर हर समय बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है.
-
खैरीघाट में नाली चोक होने से जलभराव और बदबू से परेशानी:
खैरीघाट थाना क्षेत्र के थैलिया ग्राम पंचायत में मुख्य सड़क किनारे की नाली की लंबे समय से सफाई न होने के कारण वह पूरी तरह जाम हो गई है. गंदा पानी सड़क पर बहने से राहगीरों और ग्रामीणों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है.
-
डिस्टिक में दहेज उत्पीड़न के मामलों में वारंटी गिरफ्तार:
रूपईडीहा और नानपारा पुलिस ने अलग-अलग दबिश के दौरान अदालत से फरार चल रहे दहेज उत्पीड़न के आरोपियों (आजम, अंसार अली और नियाज अली) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है.
-
सड़क धंसने से आवागमन बाधित, मरम्मत का इंतजार:
खैरीघाट क्षेत्र के बकैना गांव के पास हाल ही में बनी इंटरलॉकिंग सड़क भारी बारिश के कारण धंस गई और उसका किनारा कट गया है. घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी मरम्मत न होने से लोगों को वाहन निकालने में परेशानी हो रही है.