diwali horizontal

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के प्रथम अत्याधुनिक डॉग एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल)एवं प्रशिक्षण केंद्र का किया लोकार्पण

0 23

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के प्रथम अत्याधुनिक डॉग एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल)एवं प्रशिक्षण केंद्र का किया लोकार्पण

HEADING 

अत्याधुनिक डॉग एबीसी सेंटर पशु कल्याण, वैज्ञानिक प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण

“लखनऊ इज ए सिटी विच इज क्लीन, कम्फर्टेबल एंड केयर्स”,विश्व के श्रेष्ठ रहने योग्य शहरों में स्थान बनाना लक्ष्य:मंत्री श्री ए के शर्मा

वैश्विक शहरों की तर्ज पर विकसित हो रहा लखनऊ, विश्वस्तरीय नगरीय सुविधाओं की ओर बढ़ते कदम

मंत्री श्री ए.के. शर्मा एवं महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने जरहरा गो आश्रय स्थल का किया निरीक्षण

लखनऊ, 28 अक्टूबर 2026: प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने आज लखनऊ के इंदिरा नगर (जरहरा) स्थित नवनिर्मित डॉग एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पशु कल्याण, स्वच्छता और नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई यह व्यवस्था सराहनीय है। उन्होंने महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त, पार्षदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह केंद्र वैज्ञानिक पशु प्रबंधन और संवेदनशील शहरी व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पशुओं की सेवा और संरक्षण की समृद्ध परंपरा रही है। श्वानों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। निराश्रित श्वानों के प्रबंधन में पशुओं के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखते हुए नागरिकों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नसबंदी के साथ श्वानों के स्वास्थ्य, उपचार और ऑपरेशन के बाद उनकी उचित देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।उन्होंने बताया कि एबीसी सेंटर में नसबंदी के बाद श्वानों को स्वास्थ्य लाभ और संक्रमण से बचाव के लिए निर्धारित अवधि तक रखा जाता है। इसके बाद उन्हें उसी स्थान पर वापस छोड़ा जाता है, जहां से पकड़ा गया था। मोबाइल ऐप के माध्यम से उनकी तस्वीर और स्थान का रिकॉर्ड भी रखा जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीमार और घायल श्वानों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

श्री शर्मा ने बताया कि लखनऊ नगर निगम की इस व्यवस्था की माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा भी सराहना की गई है तथा अन्य राज्यों को इसका अध्ययन करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए, ताकि अन्य शहर भी इससे सीख लेकर पशु कल्याण और नागरिक सुरक्षा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित कर सकें।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि लखनऊ अपनी तहजीब, अदब और सांस्कृतिक विरासत के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। “मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं” शहर की आत्मीयता और जीवनशैली का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वायु, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में लखनऊ ने उल्लेखनीय प्रगति की है। अब लक्ष्य शहर को विश्व के श्रेष्ठ रहने योग्य शहरों के समकक्ष स्थापित करना होना चाहिए। लखनऊ ऐसा शहर बने, जो स्वच्छ हो, सुविधाजनक हो और नागरिकों के साथ-साथ पशुओं की देखभाल के प्रति भी संवेदनशील हो।श्री शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व में नगर निगम की टीम निरंतर प्रयासों से लखनऊ को स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधाजनक और संवेदनशील शहर बनाने के साथ वैश्विक स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि लखनऊ नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ पशुओं के प्रति संवेदनशील व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉग एबीसी सेंटर में नसबंदी, स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और ऑपरेशन के बाद देखभाल की सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम वैज्ञानिक पद्धति और मानवीय दृष्टिकोण के साथ नागरिक सुरक्षा एवं पशु कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य वैज्ञानिक एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए निराश्रित श्वानों की समस्या का व्यवस्थित समाधान करना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के पश्चात नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा एवं महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने जरहरा स्थित गो आश्रय स्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान मंत्री श्री शर्मा ने गायों को गुड़ खिलाकर उनकी सेवा की तथा गोवंश के संरक्षण और समुचित देखभाल पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गो आश्रय स्थल में गोवंश के लिए चारा, स्वच्छता, पेयजल एवं आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री अरविंद कुमार राव, पार्षद श्रीमती कल्पना वर्मा अन्य प्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.