diwali horizontal

एयरटेल एरिना: भारत में लाइव मनोरंजन के अनुभव को नई ऊंचाइयां देने के लिए डिस्ट्रिक्ट और एयरटेल के बीच अपने तरह की पहली साझेदारी

0 32

भारत में लाइव मनोरंजन उद्योग के विकसित होते स्वरूप के बीच, डिस्ट्रिक्ट और एयरटेल ने समर्पित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए दर्शकों के कनेक्टेड अनुभव को नई ऊंचाई देने के लिए साझेदारी की है

लखनऊ : बाहर घूमने-फिरने और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों के लिए मंच उपलब्ध कराने वाले डिस्ट्रिक्ट और एयरटेल ने आज भारत में लाइव मनोरंजन का बेहतर और अधिक कनेक्टेड अनुभव उपलब्ध कराने के लिए अपनी तरह की पहली साझेदारी की घोषणा की। इस साझेदारी के तहत बेंगलुरु स्थित 16 एकड़ में फैले खुले संगीत समारोह स्थल का नाम बदलकर एयरटेल एरिना रखा जाएगा। डिस्ट्रिक्ट यहां दर्शकों, कलाकारों और आयोजकों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में काम करता रहेगा। जबकि एयरटेल निर्बाध कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने और प्रशंसकों के पूरे अनुभव को बेहतर बनाने के लिए तैयार समर्पित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करेगा।

यह साझेदारी केवल आयोजन स्थल के नाम के साथ किसी ब्रांड को जोड़ने तक सीमित नहीं है। इसके तहत विश्वस्तरीय लाइव मनोरंजन को लेकर डिस्ट्रिक्ट की सोच और बड़े पैमाने पर निर्बाध डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने में एयरटेल की विशेषज्ञता एक साथ आ रही है। दोनों का साझा उद्देश्य बड़े आयोजनों में दर्शकों, कलाकारों और आयोजकों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।

विकसित लाइव मनोरंजन बाजारों में आयोजन स्थलों का नाम किसी ब्रांड के नाम पर रखना आम बात है। हालांकि, भारत के लाइव मनोरंजन क्षेत्र में अब तक ऐसे उदाहरण सीमित रहे हैं, जहां बड़े कारोबारी समूहों ने केवल ब्रांड का नाम जोड़ने के बजाय आयोजन स्थल के बुनियादी ढांचे में पूंजी निवेश की प्रतिबद्धता दिखाई हो। एयरटेल और डिस्ट्रिक्ट की यह साझेदारी भारत में लाइव मनोरंजन के विकास के अगले चरण को दर्शाती है, जिसमें दर्शकों को मिलने वाले अनुभव में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की भूमिका आयोजन स्थल जितनी ही अहम होती जा रही है।

आज लाइव मनोरंजन का अनुभव केवल मंच पर होने वाले प्रदर्शन तक सीमित नहीं रह गया है। प्रशंसक चाहते हैं कि वे परफॉर्मेंस को लाइव स्ट्रीम कर सकें, पलों को तुरंत साझा कर सकें, डिजिटल भुगतान कर सकें और पूरे आयोजन के दौरान दोस्तों और परिवार से जुड़े रह सकें। इसलिए भरोसेमंद कनेक्टिविटी अब केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि पूरे अनुभव का अभिन्न हिस्सा बन गई है। एयरटेल का निवेश समर्पित हाई-कैपेसिटी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए इसी जरूरत को पूरा करता है, ताकि ग्राहकों को पीक डिमांड वाले समय में भी भरोसेमंद और तेज कनेक्टिविटी मिले। यह इंफ्रास्ट्रक्चर आयोजन स्थल की मौजूदा मोबाइल प्री-ऑर्डर और कैशलेस टॉप-अप सुविधाओं को और मजबूत करेगा और आने वाले इवेंट सीजन से पहले इसके और भी बेहतर होने की उम्मीद है।

राहुल गंजू, सीईओ, डिस्ट्रिक्ट ने कहा, “भारत में ऐसे विशेष रूप से तैयार किए गए आयोजन स्थलों की संख्या दस से भी कम है, जहां 10,000 से अधिक लोगों के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। लाइव मनोरंजन उद्योग इस उपलब्ध क्षमता से आगे निकल चुका है। अब इन आयोजन स्थलों की कमी दर्शकों को मिलने वाले अनुभव के विस्तार में सबसे बड़ी बाधा बन गई है। उद्योग को एयरटेल जैसी और साझेदारियों की जरूरत है। इसमें व्यापक कारोबारी तंत्र से जुड़े ब्रांड यह पहचानें कि किन बुनियादी सुविधाओं में निवेश की जरूरत है और वे इस कमी को दूर करने के लिए पूंजी लगाएं। भारत में दर्शकों को विश्वस्तरीय अनुभव उपलब्ध कराने के लिए इसी तरह के प्रयास जरूरी हैं।”

सुचिता सलवान, चीफ कस्टमर ऑफिसर, एयरटेल ने कहा, “एयरटेल में हमारा मानना है कि बेहतरीन अनुभव के लिए बेहतरीन कनेक्टिविटी जरूरी है। भारत में लाइव मनोरंजन का स्वरूप लगातार बदल रहा है। ऐसे में निर्बाध डिजिटल अनुभव हर संगीत कार्यक्रम का अभिन्न हिस्सा बन गए हैं। इसमें खास पलों को उसी समय साझा करना, डिजिटल भुगतान करना और दोस्तों तथा परिवार के साथ जुड़े रहना शामिल है। एयरटेल के उन्नत 5जी नेटवर्क और डिजिटल बुनियादी ढांचे से संचालित डिस्ट्रिक्ट के साथ हमारी यह साझेदारी ग्राहकों की रोजमर्रा की इन जरूरतों को पूरा करने के साथ उनके समग्र अनुभव को बेहतर बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

के. वासुदेव उडुपा, फाउंडर डायरेक्टर, गो-गोल्फ एंटरटेनमेंट एलएलपी ने कहा, “हमने भारत में इस आयोजन स्थल का निर्माण इस उद्देश्य से किया कि यहां आने वाले दर्शकों को विश्वस्तरीय अनुभव मिले और आयोजकों, कार्यक्रम प्रमोटरों तथा कलाकारों को काम करने के लिए एक सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध हो। मॉड्यूलर मंच से लेकर पर्दे के पीछे की व्यवस्थाओं के लिए बनाई गई सर्विस रोड तक, निर्माण से जुड़े हर फैसले में इसी उद्देश्य को ध्यान में रखा गया। जमीनी स्तर पर दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी डिस्ट्रिक्ट संभाल रहा है और अब एयरटेल इसके डिजिटल बुनियादी ढांचे में निवेश कर रहा है। इस तरह की साझेदारी ही उस मजबूत आधार को आगे बढ़ाने में मदद करती है, जिसे हमने तैयार किया है।”

इस आयोजन स्थल का निर्माण गो-गोल्फ एंटरटेनमेंट एलएलपी ने शुरू से किया है। यह भारत में बड़े पैमाने के लाइव आयोजनों के लिए एक तैयार स्थल है, जिसका मॉड्यूलर इंफ्रास्ट्रक्चर आयोजकों के सेटअप समय और प्रोडक्शन लागत को कम करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। एयरटेल के साथ यह साझेदारी ऐसी कई प्रस्तावित साझेदारियों में पहली है, जिनका उद्देश्य दर्शकों, कलाकारों और पूरे उद्योग के लिए इस आयोजन स्थल की सुविधाओं और क्षमताओं का विस्तार करना है। डिस्ट्रिक्ट और एयरटेल मिलकर ऐसा आयोजन स्थल विकसित कर रहे हैं, जो न केवल विश्वस्तरीय कार्यक्रमों की मेजबानी करेगा, बल्कि हर दर्शक को विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी का अनुभव भी देगा। एयरटेल एरिना देश के सबसे बड़े ओपन-एयर कॉन्सर्ट स्थलों में से एक है, जिसकी क्षमता 17,000 से अधिक प्रशंसकों की है, और यहां अरिजीत सिंह, अनिरुद्ध रविचंदर और ब्रायन एडम्स के कॉन्सर्ट और टूर पहले ही हो चुके हैं।

इस आयोजन स्थल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों के अनुरूप तैयार किया गया मॉड्यूलर मुख्य मंच है। इसमें छत को सहारा देने वाली ट्रस संरचना और आईमैग एक्सटेंशन की सुविधा है। इसके अलावा, कलाकारों के लिए अलग परिसर और मंच के पीछे का क्षेत्र, 80 फुट लंबा बॉक्स ऑफिस साथ ही 4,500 कारों और 1,000 दोपहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध है। आपातकालीन आवागमन और मंच के पीछे की व्यवस्थाओं के लिए अलग सेवा सड़कें भी बनाई गई हैं। इन सभी सुविधाओं को इस तरह तैयार किया गया है कि आयोजकों की आयोजन संबंधी लागत कम हो और दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अनुभव मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.